मुंबई : टेस्ट विशेषज्ञ अजिंक्य रहाणे और युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव को बड़ौदा के खिलाफ होने वाले मुंबई के पहले रणजी ट्रॉफी मुकाबले के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया। मिलिंद रेगे की अगुआई वाली तदर्थ चयन समिति ने सोमवार को ही टीम का चयन कर लिया था लेकिन मुंबई क्रिकेट संघ ने मंगलवार को टीम की घोषणा की।
मुंबई की टीम 2019-20 रणजी ट्राफी सत्र का अपना पहला मैच नौ दिसंबर से वडोदरा में बड़ौदा के खिलाफ खेलेगी। टीम की कमान बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है जबकि अनुभवी विकेटकीपर आदित्य तारे उप कप्तान होंगे। भारत के टेस्ट विशेषज्ञ रहाणे को अच्छा मैच अभ्यास मिलेगा क्योंकि भारत को अब टेस्ट मैच दो महीने बाद न्यूजीलैंड में खेलने हैं।
आठ महीने के डोपिंग प्रतिबंध के बाद सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के लीग चरण में वापसी करने वाले पृथ्वी के लिए भी यह मैच फार्म हासिल करने का मौका होगा। सूत्रों के अनुसार सिद्धेश लाड इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। क्योंकि शुक्रवार वह विवाह के बंधन मे बंधने जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



