राहुल की वापसी, कार्तिक बाहर

Summary :

शुक्रवार को तब बड़ा कदम आगे बढ़ाया जब आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के लिये 15 सदस्यीय टीम में उन्हें दिनेश कार्तिक पर प्राथमिकता दी गयी।

मुंबई : युवा ऋषभ पंत ने विश्व कप में खेलने का सपना पूरा करने की तरफ शुक्रवार को तब बड़ा कदम आगे बढ़ाया जब आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के लिये 15 सदस्यीय टीम में उन्हें दिनेश कार्तिक पर प्राथमिकता दी गयी। केएल राहुल की भी टीम में वापसी हुई है जिससे लग रहा है कि वह विश्व कप टीम में रिजर्व सलामी बल्लेबाज की जगह ले सकते हैं। चयनकर्ताओं ने पहले दो और आखिरी तीन वनडे के लिये दो अलग टीमें चुनी है।

जिसे विश्व कप की संभावित टीम मानकर चला जा रहा है वह आखिरी तीन वनडे में खेलेगी। आस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय और पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज का पहला टी20 मैच 24 फरवरी को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। राहुल ने भारत ए की तरफ से इंग्लैंड लायन्स के खिलाफ दो अनधिकृत टेस्ट मैचों में अर्धशतक जमाकर टीम में वापसी की।

आस्ट्रेलिया में वह रन बनाने के लिये जूझते रहे और इस बीच एक टीवी कार्यक्रम में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के कारण उन्हें स्वदेश बुला दिया गया था। इसके बाद उन्हें फार्म हासिल करने के लिये घरेलू मैचों में खेलने के लिये कहा गया था। नियमित कप्तान विराट कोहली और तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह की भी आस्ट्रेलिया के खिलाफ पूरी श्रृंखला के लिये वापसी हुई है और यहां तक कि उप कप्तान रोहित शर्मा को भी विश्राम नहीं दिया गया है।

एमएसके प्रसाद की अगुवाई वाली चयनसमिति ने दो टी20 मैचों के लिये भी टीम का चयन किया जिसमें पंजाब के युवा लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय के रूप में नया चेहरा शामिल है। कुलदीप यादव को इन मैचों से विश्राम दिया गया है। प्रसाद ने चयन समिति की बैठक के बाद कहा कि हम बैकअप स्पिनर के रूप में उसे देख रहे हैं। इसलिए हमने उसे पहले भारत ए टीम में रखा और उसने (इंग्लैंड लायन्स के खिलाफ शुक्रवार को) पांच विकेट लिये। हालांकि सभी की निगाहें एकदिवसीय टीम पर थी जो कि इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली टीम मानी जा रही है।

Desk Team