मड्रिड : जिनेदिन जिदान का गेरेथ बेल को बाहर रखने का फैसला सही साबित नहीं हुआ और वेलेंसिया ने इसका फायदा उठाकर ला लिगा फुटबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को रीयाल मैड्रिड को 2-1 से पराजित किया। यह जिदान के फिर से कोच बनने के बाद रीयाल की पहली हार है।पिछली बार दस महीने पहले लीवरपूल के खिलाफ चैंपियन्स लीग फाइनल में जिदान ने बेल को बाहर रखा था।
उस समय वेल्स के इस फुटबॉलर ने स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरकर शानदार प्रदर्शन किया लेकिन इस मैच में इसकी पुनरावृत्ति नहीं हो पायी। इसके बजाय वेलेंसिया ने आसान जीत दर्ज की।
उसकी तरफ से गोचालो गुइडेस और इजेकील गेरे ने दोनों हाफ में एक-एक गोल किया जिससे मार्सेलिनो की टीम ला लिगा में शीर्ष चार में जगह बनाने के करीब पहुंच गयी है। रीयाल की तरफ से एकमात्र गोल करीम बेंजेमा ने दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम में किया।


Download Android App
Download iOS App



