कुआलालम्पुर : भारत के किदाम्बी श्रीकांत ने मलेशिया ओपन बैडमिंटन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि कई गलतियां करने वाली पी वी सिंधु सीधे गेमों में हारकर बाहर हो गई। पिछले सप्ताह 17 महीने बाद इंडिया ओपन बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे श्रीकांत ने थाईलैंड के खोसित फेतपरदाब को 21- 11, 21-15 से मात दी । अब उनका सामना चीन के चौथी वरीयता प्राप्त ओलंपिक चैम्पियन चेन लोंग से होगा। श्रीकांत अब इस बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 750 टूर्नामेंट में अकेले भारतीय हैं।
पांचवीं वरीयता प्राप्त सिंधु ने 13-10 से बढत बनाने के बाद दुनिया की दसवें नंबर की खिलाड़ी सुंग जि ह्यून को 18-21, 7-21 से मुकाबला गंवा दिया। यह कोरियाई खिलाड़ी के हाथों उसकी लगातार तीसरी हार है। सिंधु को इसी खिलाड़ी ने आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप और 2018 हांगकांग ओपन में हराया था।
प्रणाव जेरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी भी मलेशिया की तान कियान मेंग और लेइ पेइ जिंग से 21-15, 17-21, 13-21 से हारकर बाहर हो गई । श्रीकांत ने शुरूआत में ही 6-2 की बढत बना ली और बाद में यह बढत 14-6 की हो गई । उसने पहला गेम आसानी से जीत लिया। दूसरे गेम में भी उसने शुरूआती दबाव बनाया जिससे विरोधी खिलाड़ी उबर नहीं सका।


Download Android App
Download iOS App



