‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने मेलबर्न पहुंचने के बाद की ट्रेनिंग शुरू ,BCCI ने कहा- चालू हो गया इंजन

Summary :

भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुरुवार को अभ्यास शुरू कर दिया है। बीसीसीआई ने अपने ट्वीटर हैंडल के लिए जरिए इस बात की जानकारी दी।

भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुरुवार को अभ्यास शुरू कर दिया है। बीसीसीआई ने अपने ट्वीटर हैंडल के लिए जरिए इस बात की जानकारी दी। रोहित भारत से आस्ट्रेलिया आने के बाद सिडनी में 14 दिन तक क्वारंटीन थे। वह बुधवार को मेलबर्न पहुंच कर टीम से जुड़े। 
बीसीसीआई ने गुरुवार को भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज की कैचिंग प्रैक्टिस करते हुए फोटो पोस्ट की है। इस फोटो के साथ लिखा है,इंजन शुरू होने वाला है। आगे क्या होगा इसकी एक झलक।रोहित की मैच फिटनेस काफी अहम होगी क्योंकि 10 नवंबर को खेले गए आईपीएल फाइनल के बाद उन्होंने किसी तरह की क्रिकेट नहीं खेली है। 

आईपीएल के बाद वह बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में गए और अपनी चोट पर काम किया। आस्ट्रेलिया आने के बाद वह क्वारंटीन में थे इसलिए उन्हें अभ्यास करने का मौका नहीं मिला। 
टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री कह चुके हैं कि रोहित का अंतिम-11 में आना पक्का नहीं है। उन्होंने कहा था, हम उनसे बात करेंगे और देखेंगे कि उनकी फिटनेस कैसी है क्योंकि वह दो सप्ताह क्वारंटीन थे। हमें देखना होगा कि वह किस तरह का महसूस कर रहे हैं इसके बाद हम फैसला लेंगे। रोहित ने अपना आखिरी टेस्ट एक साल पहले कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। यह भारत का पहला डे-नाइट टेस्ट मैच था। 
रोहित इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान चोटिल हो गए थे। उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इस कारण वह इस दौरे पर सीमित ओवरों की सीरीज और पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाए।