रूट, बटलर के अर्द्धशतक

Summary :

जो रूट ने अपना अर्धशतक पूरा किया और बटलर के भी नाबाद 64 रन की बदौलत इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें एशेज टेस्ट के पहले दिन 8 विकेट खोकर 271 रन बना लिये।

लंदन : तीन बार जीवनदान मिलने के बाद जो रूट ने अपना अर्धशतक पूरा किया और बटलर के भी नाबाद 64 रन की बदौलत इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें एशेज टेस्ट के पहले दिन 8 विकेट खोकर 271 रन बना लिये। विश्व कप विजेता इंग्लैंड श्रृंखला में 1-2 से पीछे है। रूट ने 57 और रोरी बर्न्स ने 47 रन बनाकर इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में सहायता की। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल मार्श ने सर्वाधिक चार विकेट और कमिन्स व हैजलवुड ने दो-दो विकेट लिए। 
आस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड में 18 साल बाद पहली एशेज श्रृंखला जीतने के इरादे से उतरी है। पिछली पांच पारियों में से तीन में खाता भी नहीं खोल सके इंग्लैंड के कप्तान रूट को तीन बार जीवनदान मिला। पहले 24 के स्कोर पर पैट कमिंस की गेंद पर डीप फाइन लेग में पीटर सिडल ने उनका आसान कैच छोड़ा। कमिंस के अगले ओवर में विकेटकीपर पेन उनका कैच नहीं लपक सके और पहली स्लिप में डेविड वार्नर भी नाकाम रहे। 
लंच के बाद स्टीव स्मिथ ने सिडल की गेंद पर दूसरी स्लिप में उनका कैच टपकाया। रूट ने जोश हेजलवुड की गेंद पर एक रन लेकर टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन पूरे किये। मेजबान टीम ने रोनी बर्न्स और बेन स्टोक्स के विकेट गंवाये। सलामी बल्लेबाज बर्न्स 47 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर पुल शाट खेलने के प्रयास में मिडविकेट पर कैच दे बैठे। 
वहीं स्टोक्स ने मिशेल मार्श की गेंद पर प्वाइंट में कैच थमाया। रूट ने 105 गेंद में तीन चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया । इससे पहले जो डेनली लंच से पहले 14 के स्कोर पर स्लिप में कैच देकर लौटे।

Desk Team