तिरूवनंतपुरम : भारत ए ने गुरूवार को यहां पहले अनौपचारिक टेस्ट के अंतिम दिन सुबह दक्षिण अफ्रीका ए को आसानी से सात विकेट से शिकस्त देकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। मुंबई के आल राउंडर शिवम दुबे ने लगातार गेंद में दो छक्के जड़कर मेजबानों की जीत सुनिश्चित की।
महज 48 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए ने दूसरी पारी में कप्तान शुभमन गिल (05), अंकित बावने (06) और के एस भरत (05) के रूप में विकेट गंवा दिये लेकिन दुबे (नाबाद 12) और रिकी भुई (नाबाद 20) ने घरेलू टीम के लिये औपचारिकता पूरी की। दक्षिण अफ्रीका ए के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने पहली पारी में 90 रन बनाने वाले गिल को बोल्ड किया जिससे भारत ए ने 10 रन पर पहला विकेट गंवा दिया।
बावने 17 गेंद खेलने के बाद एनगिडी को विकेट दे बैठे जबकि भरत को आफ स्पिनर दाने पिएट ने पवेलियन भेजा। दुबे ने पिएट की लगातार गेंदों पर दो गगनचुंबी छक्के जड़कर टीम को जीत दिलायी। दक्षिण अफ्रीका ए ने दूसरी पारी में नौ विकेट पर 179 रन से खेलना शुरू किया और टीम 186 रन पर सिमट गयी। मेजबानों को जीत हासिल करने में केवल 3.5 ओवर लगे।


Download Android App
Download iOS App



