ताइपे : पूर्व चैम्पियन साइना नेहवाल और सौरभ वर्मा मंगलवार से यहां शुरू हो रहे चीनी ताइपे बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 300 में उतरेंगे तो उनकी नजरें महिला और पुरूष वर्ग के खिताब फिर अपने नाम करने पर लगी होंगी। शीर्ष वरीयता प्राप्त साइना ने 2008 में यहां खिताब जीता था और उसके बाद वह पहली बार यहां खेल रही है। वहीं राष्ट्रीय चैम्पियन सौरभ ने 2016 में यहां खिताबी जीत दर्ज की थी।
फिटनेस हासिल करने के बाद वापसी की कोशिश में जुटे एच एस प्रणय भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे जिन्होंने बासेल में विश्व चैम्पियनशिप में चीनी धुरंधर लिन डैन को हराया। दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी साइना विश्व चैम्पियनशिप में अच्छे फार्म में थी लेकिन अंपायरों के विवादित फैसलों के कारण उसे डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट से पराजय झेलनी पड़ी। साइना पहले दौर में कोरिया की अन सी यंग से खेलेगी।
उन्हें कनाडा की दूसरी वरीयता प्राप्त मिशेले लि, अमेरिका की तीसरी वरीयता प्राप्त बेवेन झांग और कोरिया की चौथी वरीयता प्राप्त सुंग जि ह्यून से कड़ी चुनौती मिलेगी। पुरूष एकल में सौरभ हैदराबाद ओपन के अपने फार्म को कायम रखना चाहेंगे । वह पहले दौर में जापान के काजुमारा सकाइ से खेलेंगे। प्रणय का सामना पहले दौर में स्थानीय खिलाड़ी जू वेइ से होगा। तीसरी वरीयता प्राप्त समीर वर्मा की टक्कर मलेशिया के डारेन ल्यू से होगी। महिला युगल में अपर्णा बालन और प्राजक्ता सावंत भारतीय चुनौती पेश करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



