Thailand Open के फाइनल में पहुंची सात्विक-चिराग की जोड़ी

Summary :

विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल ने शनिवार को यहां चीनी ताइपे के लू मिंग-चे और तांग काई-वेई की जोड़ी पर सीधे गेम में आसान जीत के साथ Thailand Open बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सात्विक और चिराग को सुपर 500 स्तर के इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल को जीतने में महज 35 मिनट का समय लगा। उन्होंने 21-11 21-12 से आसान जीत दर्ज की। HIGHLIGHTS Thailand Open में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी जीती उन्होंने 21-11 21-12 से आसान जीत दर्ज की…

विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल ने शनिवार को यहां चीनी ताइपे के लू मिंग-चे और तांग काई-वेई की जोड़ी पर सीधे गेम में आसान जीत के साथ Thailand Open बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सात्विक और चिराग को सुपर 500 स्तर के इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल को जीतने में महज 35 मिनट का समय लगा। उन्होंने 21-11 21-12 से आसान जीत दर्ज की।

HIGHLIGHTS

  • Thailand Open में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी जीती
  • उन्होंने 21-11 21-12 से आसान जीत दर्ज की
  • यह जोड़ी पांच साल पहले 2019 में यह चैम्पियन बनीं थी


सात्विक और चिराग ने सुपर 500 स्तर के टूर्नामेंट में पहली बार सफलता का स्वाद थाईलैंड ओपन में ही चखा था। यह जोड़ी पांच साल पहले 2019 में यह चैम्पियन बनीं थी।
सात्विक ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए अच्छा टूर्नामेंट साबित हो रहा है। हम लय वापस पाने के लिए और अधिक टूर्नामेंट खेलना चाहते थे। हम हमेशा थाईलैंड में खेलना पसंद करते हैं। इस जगह से एक विशेष लगाव है। हमने अपना पहला पदक यहीं जीता था, हमने यहां थॉमस कप जीता, और अब एक बार फिर फाइनल में है, यह वास्तव में आश्चर्यजनक है।’’
चिराग ने कहा, ‘‘हम टूर्नामेंट में आखिरी दौर तक खेलना चाहते थे और हम लगातार जीत रहे हैं लेकिन अभी एक दिन और बचा है, इसलिए हम कल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।’’
मौजूदा सत्र में यह भारतीय जोड़ी चौथी बार बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर स्पर्धा के टूर्नामेंट में फाइनल में पहुंची है। यह जोड़ी मार्च में फ्रेंच सुपर 750 का ताज पहनने के बाद मलेशिया सुपर 1000 और इंडिया सुपर 750 में उपविजेता रही थी।
टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी के सामने खिताबी मुकाबले में चेन बो यांग और लियू यी की जोड़ी की चुनौती होगी। चीन की इस जोड़ी ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के किम गी जंग और किम सा रंग की जोड़ी को 21-19 21-18 से हराया।


महिला युगल में तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा की चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी सेमीफाइनल में थाईलैंड की शीर्ष वरीय जोंगकोलफान कितिथाराकुल और राविंडा प्राजोंगजई से 12-20, 20-22 से हार गई।
पिछले कुछ टूर्नामेंटों में सात्विक और चिराग के प्रदर्शन में गिरावट दिखी थी। भारतीय जोड़ी ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के दूसरे दौर में हार गई थी और फिर सात्विक की चोट के कारण एशिया चैंपियनशिप में भाग नहीं ले सकी। इस जोड़ी के लिए थॉमस कप अभियान भी बहुत उपयोगी नहीं रहा क्योंकि वे शीर्ष जोड़ियों से कुछ करीबी मैच हार गए।
थाईलैंड ओपन के इस प्रदर्शन से पेरिस ओलंपिक से पहले दोनों का हौसला बढ़ेगा।
सात्विक और चिराग को लू और तांग की जोड़ी से कड़ी चुनौती नहीं मिली। भारतीय जोड़ी ने मैच की शुरुआत से अपना दबदबा बनाये रखा।
भारतीय जोड़ी ने शुरुआती गेम में 3-0 की बढ़त बनायी लेकिन चीनी ताइपे के खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए स्कोर को 5-4 कर दिया। सात्विक और चिराग ने इसके बाद शानदार तालमेल दिखाते हुए 11-7 और फिर 17-10 की बढ़त कायम कर ली और पहला गेम आसानी से जीत लिया।
दूसरे गेम में की शुरुआत में तांग की जोड़ी ने पहली बार भारतीय जोड़ी को कड़ी टक्कर दी जिससे स्कोर पहले 4-4 और फिर 6-6 की बराबरी पर था। यह जोड़ी 9-7 के स्कोर के साथ मैच में पहली बार बढ़त लेने में कामयाब रही। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद दमदार वापसी कर चीनी ताइपे के खिलाड़ियों पर दबाव बना दिया। उन्होंने लगातार अंक जुटाते हुए आठ मैच प्वाइंट हासिल करने के बाद शानदार जीत दर्ज की।

Ravi Kumar

I have a vision to prepare myself as well as others in such a way that our tomorrow becomes wonderful.