सऊदी अरब को हरा उरुग्वे अंतिम 16 में

Summary :

उसने पहले मैच में मिस्र को भी इसी अंतर से हराया था। उसकी इस जीत से ग्रुप ए से नाकआउट में पहुंचने वाली दोनों टीमें भी तय हो गयी हैं।

रोस्तोव ऑन दान : लुई सुआरेज ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाकर गोल दागा जिससे उरूग्वे ने सऊदी अरब को 1-0 से हराकर विश्व कप 2018 के अंतिम 16 में जगह बनायी। उरूग्वे की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में मिस्र को भी इसी अंतर से हराया था। उसकी इस जीत से ग्रुप ए से नाकआउट में पहुंचने वाली दोनों टीमें भी तय हो गयी हैं। उरूग्वे की जीत ने मेजबान रूस का भी अंतिम 16 में स्थान पक्का कर दिया। इन दोनों टीमों के अभी दो मैचों में छह-छह अंक हैं। सऊदी अरब और मिस्र का सफर विश्व कप में लीग चरण में ही थम जाएगा।

सुआरेज ने खेल के 23वें मिनट में मैच का महत्वपूर्ण गोल दागा जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। शुरुआती 20 मिनट तक दोनों टीमों ने एक दूसरे को बराबर की टक्कर दी लेकिन सुआरेज ने इसके बाद गोल करके उरूग्वे के दर्शकों में उत्साह भर दिया। इससे सऊदी अरब की टीम पर दबाव भी बना। रोस्तोव एरेना में खेले गये मैच में सुआरेज ने कार्लोस सांचेज के कार्नर पर यह गोल किया।

तब गेंद सऊदी अरब के गोलकीपर मोहम्मद अल ओवैस की पहुंच से भी बाहर थी। इस तरह से सुआरेज ने अपने 100वें मैच में 52वां गोल दागा। वह तीन विश्व कप में गोल करने वाले उरूग्वे के पहले खिलाड़ी भी बन गये हैं। इसके दो मिनट बाद उरूग्वे अपनी बढ़त दोगुनी करने की स्थिति में पहुंच गया था। एडिसन कवानी गेंद लेकर आगे बढे लेकिन वह सऊदी अरब के कप्तान ओसामा हवासावी को नहीं छका पाये।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

Desk Team