लंदन : मां बनने के कारण पिछले साल कोर्ट से बाहर रही सात बार की चैंपियन सेरेना विलियम्स ने यहां दसवीं बार विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनायी जहां उनका सामना जर्मनी की एंजेलिक कर्बर से होगा। अमेरिका की 25वीं वरीयता प्राप्त सेरेना ने जर्मनी की 13वीं वरीय जूलिया गोर्जेस को 6-2, 6-4 से हराकर 30वीं बार ग्रैंडस्लैम फाइनल में प्रवेश किया। अगर सेरेना 2016 की तरह कर्बर को फाइनल में हराने में सफल रहती है तो वह मार्गरेट कोर्ट के 24 ग्रैंडस्लैम खिताब के सर्वकालिक रिकार्ड की बराबरी कर लेगी।
जर्मनी की 11वीं वरीयता प्राप्त कर्बर ने पहले सेमीफाइनल में लाटविया की 12वीं वरीय तथा पूर्व फ्रेंच ओपन चैंपियन येलेना ओस्टापेंको को केवल 67 मिनट में 6-3, 6-3 से हराया। वह दूसरी बार विंबलडन के फाइनल में पहुंची हैं। सेरेना पिछले साल अपनी बेटी ओलंपिया को जन्म देने के बाद पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची हैं। विंबलडन में लगातार 20 मैच जीतने वाली सेरेना अभी 36 साल 291 दिन की हैं और ओपन युगल में ग्रैंडस्लैम फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी उम्रदराज खिलाड़ी हैं।
सेरेना ने मैच के बाद कहा, ‘‘यह रोमांचित करने वाला है। मैं यह भी नहीं जानती कि यह कैसा अहसास है। यह मेरा वापसी के बाद चौथा टूर्नामेंट है और मैंने इसकी उम्मीद नहीं की थी।’’ अगर सेरेना आठवां खिताब जीतती हैं तो वह स्टेफी ग्राफ को पीछे छोड़कर महिला वर्ग में सर्वाधिक खिताब जीतने के मामले में मार्टिना नवरातिलोवा के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। कर्बर के खिलाफ मुकाबले के बारे में सेरेना ने कहा, ‘‘वह ग्रास कोर्ट की बहुत अच्छी खिलाड़ी है लेकिन जो भी होगा मेरे लिये यह यादगार क्षण है।’’ कर्बर अब ग्राफ के बाद विंबलडन जीतने वाली दूसरी जर्मन महिला खिलाड़ी बनने की करीब पहुंच गयी हैं।


Download Android App
Download iOS App



