न्यूयार्क : अपने 24वें ग्रैंडस्लैम की कवायद में लगी सेरेना विलियम्स ने मारिया शारापोवा को करारी शिकस्त देकर यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की जबकि नोवाक जोकोविच और रोजर फेडरर भी आगे बढ़ने में सफल रहे। सेरना ने शारापोवा को 6-1, 6-1 से हराया। छह बार की यूएस ओपन चैंपियन ने इस जीत के केवल 59 मिनट का समय लिया। यह शारापोवा पर उनकी लगातार 19वीं जीत है।
इन दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक जो 22 मैच खेले गये हैं उनमें से 20 सेरेना ने जीते हैं। सेरेना ने बाद में कहा कि मैं जब भी उसके खिलाफ खेलती हूं तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती हूं। जब आप उसके खिलाफ खेलते हो तो आपको एकाग्रता बनाये रखनी होती है। शारापोवा के खिलाफ पांच ऐस और 16 विनर लगाने वाली सेरेना का अगला मुकाबला विश्व में 121वें नंबर की कैटी मैकनैली से होगा।
महिला वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त इलिना स्वितोलिना ने व्हीटनी ओसुगवे को 6-1, 7-5 से, दसवीं वरीय मेडिसन कीज ने मिसाकी दोइ को 7-5, 6-0 और वीनस ने झेंग साइसाइ को 6-1, 6-0 से हराया। विश्व में 14वें नंबर की एंजेलिक कर्बर क्रिस्टीना मेलादेनोविच से 7-5, 0-6, 6-4 से हारकर बाहर हो गयी। वीनस 21वीं बार यूएस ओपन में उतरी और इस तरह से उन्होंने मार्टिना नवरातिलोवा के ओपन युग के रिकार्ड की बराबरी की।


Download Android App
Download iOS App



