पूरी तरह से स्वस्थ हुए सौरव गांगुली, हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद इस खास शख्स का आभार जताया

Summary :

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को हल्का सा दिल का दौरा पडऩे के करीब 5 दिन बाद गुरुवार यानी आज कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को हल्का सा दिल का दौरा पडऩे के करीब 5 दिन बाद गुरुवार यानी आज कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और वह फिट हैं। 48 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर की एंजियोप्लास्टी की गयी है। 
अस्पताल से छुट्टी के बाद सौरव गांगुली  ने कहा, मैं ईलाज के लिए अस्पताल के डॉक्टरों का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं बिल्कुल ठीक हूं। उम्मीद है कि मैं जल्दी उड़ान भर सकूंगा।  

दादा ने अपने दोस्त के लिए किया भावुक पोस्ट 
इस दौरान उन्होंने अपने बचपन के दोस्त जॉयदीप का भी इस मुश्किल समय में साथ खड़े रहने के लिए शुक्रिया अदा किया। गांगुली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, तुमने बीते पांच दिनों में जो मेरे लिए किया है वो मैं कभी नहीं भूलूंगा। मैं तुम्हें 40 साल से जानता हूं और अब यह परिवार से ज्यादा हो गया है। 

पूर्व भारतीय कप्तान की देखरेख के लिए अस्पताल ने नौ सदस्यीय टीम का गठन किया था। ऐसे में इलाज कर रहे डॉक्टर दादा के स्वास्थ्य पर पैनी नजर रखेंगे। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य संबंधी कदम उठाए जाएंगे। 
अस्पताल ने गुरुवार सुबह बुलेटिन में बताया, ईलाज करने वाले डॉक्टर उनके स्वास्थ पर निगरानी रख रहे हैं और समय-समय पर घर पर भी उन्हें उपयुक्त ईलाज मुहैया कराएंगे। वहीं हॉस्पिटल की सीईओ और एमडी डॉ. रूपाली बसु का कहना है दादा के स्वास्थ्य पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी और गांगुली का अगला मेडिकल परीक्षण 2-3 हफ्ते बाद होगा।

Desk Team