वेलिंगटन : तेज गेंदबाज टिम साउथी ने श्रीलंका का शीर्ष क्रम झकझोर कर पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन शनिवार को यहां न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रखा। साउथी ने 67 रन देकर पांच विकेट लिये हैं। उन्होंने अपने पहले स्पैल में तीन विकेट लेकर श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर नौ रन कर दिया था।
इसके बाद साउथी ने तीसरे सत्र में दो महत्वपूर्ण विकेट लिये। श्रीलंका ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक नौ विकेट पर 275 रन बनाये हैं। उसकी उम्मीदें निरोशन डिकवेला पर टिकी हैं जो 73 रन पर खेल रहे हैं। उनके अलावा केवल एंजेलो मैथ्यूज (83) और दिमुथ करूणारत्ने (79) ही अच्छी बल्लेबाजी कर पाये।
इन दोनों ने चौथे विकेट के लिये 131 रन जोड़कर श्रीलंका को साउथी के झटकों से उबारा था। साउथी ने अपने पहले दो ओवर में धनुष्का गुणतिलका (एक) और धनंजय डिसिल्वा (एक) को आउट किया। इसके बाद उन्होंने जीवन मेंडिस (दो) को मिडविकेट पर आसान कैच देने के लिये मजबूर किया। करूणारत्ने जब 33 रन पर थे तब उन्हें जीवनदान मिला।
नील वैगनर (75 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर उन्हें मिडविकेट पर कैच कर लिया गया था लेकिन यह नोबॉल निकल गयी। करूणारत्ने ने 101 गेंदों पर अपना 21वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। वैगनर ने लंच के बाद उन्हें विकेटकीपर बीजे वाटलिंग के हाथों कैच कराया। कप्तान दिनेश चंदीमल ने बेहतद सतर्कता बरती लेकिन वह 34 गेंदों पर छह रन बनाकर साउथी के चौथे शिकार बने।
मैथ्यूज बड़ी पारी खेलने के मूड में दिख रहे थे लेकिन साउथी ने उन्हें विकेट के पीछे कैच कराकर फिर से श्रीलंका को बैकफुट पर भेज दिया।डिकवेला ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ अच्छी बल्लेबाजी की तथा टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 91 गेंदों का सामना करके दस चौके लगाये हैं।


Download Android App
Download iOS App



