जालंधर : सुमित और सत्यव्रत कादियान के शुक्रवार को यहां सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने से रेलवे ने दबदबा बनाये रखा और इस प्रदर्शन से दोनों ने आगामी दक्षिण एशियाई खेलों में अपने स्थान पक्के किये। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदकधारी सुमित ने टूर्नामेंट के शुरूआती दिन पुरूषों के 125 किग्रा वर्ग में महाराष्ट्र के अभिजीत को 5-0 से हराकर पहला स्थान हासिल किया।
कादियान ने 97 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश के कपिल चौधरी को 9-0 से मात दी जिससे रेलवे का दबदबा बरकरार रहा। हालांकि दिन का सबसे दिलचस्प मुकाबला 74 किग्रा वर्ग में खेला गया जिसमें अनुभवी पहलवान परवीन राणा को उत्तर प्रदेश के युवा गौरव बालियान से कड़ी चुनौती मिली और वे 3-5 से हारकर रजत पदक ही जीत सके।
अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदकधारक रविंदर ने सेना के लिये पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 61 किग्रा फाइनल में एसएससीबी के सोनाबा तानाजी पर 12-2 से शानदार जीत हासिल की। इस जीत से रविंदर ने भी दक्षिण एशियाई खेलों में स्थान सुनिश्चत किया।


Download Android App
Download iOS App



