सिडनी : भारतीय महिला टीम शुक्रवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 महिला विश्व कप के पहले मुकाबले में अच्छी शुरुआत के बावजूद भी ऑस्ट्रेलिया के सामने सिर्फ 132 रन के स्कोर पर ही ढेर हो गई। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ 115 रन ही बना सकी।
भारतीय बल्लेबाजों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 ओवर में बिना किसी नुक्सान के 41 रन जोड़े। दीप्ति शर्मा ने 46 गेंद में नाबाद 49 रन की संयमित पारी खेली लेकिन अंत में भारत को जिस आक्रामकता की जरूरत थी, उसकी कमी दिखायी दी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एलिसा हीली ने 35 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 51 रनों की पारी खेली। उनके अलावा सिर्फ एश्ले गार्डनर ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सकीं उन्होंने 34 रन बनाए।

बल्लेबाजी का न्यौता दिये जाने के बाद टीम शेफाली की पारी की बदौलत चार ओवर तक अच्छी स्थिति में थी। हालांकि बायें हाथ की स्पिनर जेस जोनासेन (24 रन देकर दो विकेट) ने तेजी से दो विकेट झटक लिये जिसमें स्मृति मंधाना (11 गेंद में 10 रन) और हरमनप्रीत कौर (पांच गेंद में दो रन) का विकेट शामिल रहा। इससे भारत का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन हो गया।
दीप्ति ने फिर जेमिमा रोड्रिग्स (33 गेंद में 26 रन) के साथ 53 रन की साझेदारी निभाकर 16वें ओवर तक भारत को 100 रन तक पहुंचाया। आस्ट्रेलिया के लिये एलिसे पेरी (15 रन देकर एक विकेट) और डेलिसा किमिन्स (24 रन देकर एक विकेट) ने विकेट चटकाये। इससे पहले भारत के लिये सलामी बल्लेबाज मंधाना ने दूसरे ओवर में पेरी पर दो चौके जमाकर अच्छी शुरूआत करायी।

तीसरे ओवर में शेफाली ने भी उनकी देखादेखी मोली स्ट्रानो पर कवर पर चौका और फिर लांग आन पर छक्का जड़ा। शेफाली ने फिर तेज गेंदबाज मेगान स्कट पर चार चौके जमाये जिससे इस ओवर में 16 रन जुटे। फिर जोनासेन गेंदबाजी के लिये उतरीं, जिन्होंने मंधाना का विकेट लेकर पहला झटका दिया। पेरी ने फिर शेफाली को अनाबेल सदरलैंड के हाथों कैच कराकर आउट किया जिससे भारत का स्कोर 5.3 ओवर में दो विकेट पर 43 रन हो गया।


Download Android App
Download iOS App



