T20 World Cup से पहले ‘बुर्ज खलीफा’ पर दिखा टीम इंडिया की नई जर्सी का जलवा, देखें वीडियो

Summary :

17 अक्टूबर से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप 2021 के लिए भारतीय टीम की नई जर्सी को लॉन्च कर दिया गया है। पहले की तरह गहरे नीले रंग की यह जर्सी टीम इंडिया के फैंस से प्रेरित है।

17 अक्टूबर से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप 2021 के लिए भारतीय टीम की नई जर्सी को लॉन्च कर दिया गया है। पहले की तरह गहरे नीले रंग की यह जर्सी टीम इंडिया के फैंस से प्रेरित है। इस जर्सी के लॉन्च होने के एक दिन बाद ही दुनिया की सबसे ऊंची इमारत ‘बुर्ज खलीफा’ भी टीम इंडिया की इसी जर्सी के रंग में रंगी नजर आई। जी हां, रात के अंधेरे में इस सबसे ऊंची इमारत पर नई जर्सी में भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीर रोशनी में जगमगा उठी। वहीं इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिसमें नई जर्सी के साथ टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीर नजर आ रही है।
इस वीडियो को बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया है, जिसमें बुर्ज खलीफा की बिल्डिंग पर टीम इंडिया के खिलाड़ी नई जर्सी में दिख रहे हैं। इस नई जर्सी की टैगलाइन ‘बिलियन चीयर्स जर्सी’ रखी गई है, साथ ही थीम सॉन्ग ‘गेम दिखा’ है। बता दें, भारतीय टीम इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 और 20 अक्टूबर को होने वाले प्रैक्टिस मैच में इस जर्सी में खेलती नजर आएगी।

एमपीएल स्पोर्ट्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका एक वीडियो शेयर किया और बताया है कि भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार है, जब फैंस की भावनाओं को जर्सी पर दिखाया गया है। इसे एक खास ‘ध्वनि तरंग’ के पैटर्न से दिखाया गया है। जर्सी में गाढ़े नीले रंग के दो शेड दिए गए हैं।
क्या बोले गांगुली? 
टीम इंडिया की इस नई जर्सी के लॉन्च होने के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा, भारतीय क्रिकेट टीम के सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में प्रशंसक मौजूद हैं और उनके उत्साह और ऊर्जा का जश्न मनाने के लिए पोशाक पर इसे दिखाने से बेहतर और कोई तरीका नहीं हो सकता था, उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि इससे टीम को टी20 चैम्पियन बनने की राह में जरूरी समर्थन मिलेगा।
बता दें, टी20 विश्व कप का आगाज ओमान और यूएई होना है, जिसका फाइनल मैच 14 नवंबर को होगा। वहीं भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2021 के लिए के लिए पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के साथ खेलना है। टीम अपना पहला मैच 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। भारत के मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से खेले जाएंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2021 का पहला सेमीफाइनल अबु धाबी में 10 नवंबर को खेला जाएगा। 

Desk Team