पोर्ट ऑफ स्पेन : भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच रद्द रहने के बाद रविवार को खेले जाने वाले दूसरे वनडे में हर हाल में जीत के साथ बढ़त लेने के लिये उतरेगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच प्रोविडेंस में खेला गया पहला वनडे 13 ओवर के बाद बारिश के कारण रद्द करना पड़ गया था। विंडीज ए ने 34 ओवर के खेल में एक विकेट गंवाकर 54 रन बनाये थे। कप्तान विराट कोहली ने मैच के इस तरह रद्द रहने पर काफी निराशा जताई थी, लेकिन अब पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में भी बारिश की संभावना जताई गयी है जिससे मैच को लेकर स्थिति संदिग्ध बनी हुई है।
हालांकि दोनों टीमों के लिये अब सीरीज जीतने के लिये बाकी बचे दोनों मैचों को जीतना अनिवार्य हो गया है, ऐसे में भारत कोशिश करेगी कि वह जीत सुनिश्चित कर ले। विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम आईसीसी विश्व कप के बाद अपनी पहली वनडे सीरीज खेल रही है। उसने विंडीज से तीन ट्वंटी 20 मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप की है और अब इसी सफलता को वह वनडे में दोहराना चाहती है।
वहीं विंडीज टीम इस सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। क्वींस पार्क ओवल में मेजबान टीम को पिछले सात मैचों में से छह में हार झेलनी पड़ी है जिनमें से चार तो अकेले भारत के खिलाफ ही थे। जेसन होल्डर की अगुवाई वाली टीम रविवार को निश्चित ही अपने इस रिकार्ड को सुधारना चाहेगी।
भारतीय टीम को अपने कप्तान विराट से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी जिन्होंने जनवरी 2012 से वेस्टइंडीज के खिलाफ 78.35 के औसत से 1332 रन बनाये हैं। टीम इंडिया की ओर से जनवरी 2016 से विराट, रोहित शर्मा और शिखर धवन की तिकड़ी ने 79.63 के औसत से 1449 वनडे रन बनाये हैं।


Download Android App
Download iOS App



