नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और आस्ट्रेलिया के खिलाफ इतने ही वनडे की भारतीय टीम चुनने के लिये सोमवार को मौजूदा चयन समिति अपनी अंतिम बैठक करेगी जिसमें ध्यान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर होगा।
बुमराह ने हाल में भारत के अभ्यास सत्र में गेंदबाजी की थी, वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के लिये फिट हैं और उन्हें श्रीलंका के खिलाफ पांच जनवरी से शुरू होने वाली टी20 सीरीज के लिये या फिर 14 जनवरी से आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिये चुना जा सकता है।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि दोनों श्रृंखलाओं के लिये टीम का चयन दिल्ली में सोमवार दोपहर को होगा। चयनकर्ता दोनों श्रृंखलाओं के लिये टीम चुनेंगे। पूरी संभावना है कि एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता में यह अंतिम चयन बैठक होगी।
एमएसके प्रसाद और उनके मध्य क्षेत्र के साथी गगन खोड़ा का कार्यकाल खत्म हो जायेगा और नये वर्ष के शुरू होने पर नये मुख्य चयनकर्ता के साथ पैनल सदस्य के नाम की घोषणा होने की भी उम्मीद है। जतिन परांजपे, सरनदीप सिंह और देवांग गांधी बने रहेंगे। पूरी संभावना है कि बुमराह आस्ट्रेलिया सीरीज से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में चार महीने बाद वापसी करेंगे। वह ‘स्ट्रेस फ्रेक्चर’ से उबर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



