कराची : श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाज ओशादा फर्नांडो के पहले शतक ने पाकिस्तान का रविवार को दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में जीत का इंतजार बढ़ा दिया जिसके लिये उसे अब केवल तीन विकेट की दरकार है। पाकिस्तान ने श्रीलंका को जीत के लिये 476 रन का लक्ष्य दिया और श्रीलंका ने इसके जवाब में 97 रन पर पांच विकेट गंवा दिये थे। लेकिन इसके बाद ओशादा और निरोशन डिकवेला ने छठे विकेट के लिये 104 रन की साझेदारी निभाई।
दिन के अंतिम तीन ओवर में डिकवेला स्पिनर हारिस सोहेल की गेंद को रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में 65 रन पर आउट हो गये और दिलरूवान परेरा पांच रन के स्कोर पर नसीम शाह की गेंद पर विकेट के पीछे कैच देकर आउट हुए। नसीम ने 31 रन देकर तीन विकेट चटकाये।
स्टंप तक श्रीलंका ने सात विकेट पर 212 रन बना लिये थे। ओशादा 102 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे और उन्हें जीत के लिये 264 रन चाहिए जो असंभव है। पाकिस्तान को सीरीज जीतने के लिये सोमवार को केवल तीन विकेट चाहिए जो श्रीलंकाई टीम पर 2009 में हुए हमले के बाद घरेलू मैदान पर पहली सीरीज है। रावलपिंडी में पहला टेस्ट मैच खराब मौसम से प्रभावित रहा था और अनिर्णीत समाप्त हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



