मैनचेस्टर : वेस्टइंडीज की टीम शुरू में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद निरंतरता कायम रखने में नाकाम रही और अब बेहतरीन फार्म में चल रहे न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाला विश्व कप मैच उसके लिये करो या मरो जैसा बन गया है। वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर अपने विश्व कप अभियान का शानदार आगाज किया था लेकिन इसके बाद कैरेबियाई टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी तथा उसे आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
वेस्टइंडीज अभी दस टीमों के बीच तीन अंक के साथ सातवें स्थान पर है तथा सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवंत रखने के लिये उसे अब सभी मैचों में जीत दर्ज करनी होगी। बांग्लादेश के खिलाफ वेस्टइंडीज को बड़े स्कोर के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था। उसने आठ विकेट पर 321 रन का स्कोर बनाया लेकिन बांग्लादेश ने आसानी से 41.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर दिया। क्रिस गेल को छोड़कर वेस्टइंडीज के अन्य बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उसके गेंदबाजों ने अब तक निराशाजनक खेल दिखाया है।
बल्लेबाजी में भी इविन लुईस, शाई होप, शिमरोन हेटमेयर और कप्तान जैसन होल्डर ने जिम्मा संभाल रखा है लेकिन गेल और आंद्रे रसेल ने टीम को निराश किया है। वेस्टइंडीज के गेंदबाज अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं। टीम को अगर जीत दर्ज करनी है तो शेल्डन कोटरेल, शैनन गैब्रियल और ओशेन थामस को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।


Download Android App
Download iOS App



