भारत की पदक उम्मीद विश्व चैम्पियन पी वी सिंधु ने तोक्यो ओलंपिक बैडमिंटन महिला एकल वर्ग में इजरायल की सेनिया पोलिकारपोवा पर सीधे गेमों में आसान जीत दर्ज करके अपने अभियान की शुरूआत की ।
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता छठी वरीयता प्राप्त सिंधु ने 58वीं रैंकिंग वाली इजरायल प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 21 . 7, 21 . 10 से 29 मिनट में यह मुकाबला जीता । दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु का सामना अब हांगकांग की चियुंग एंगान यि से होगा जो विश्व रैंकिंग में 34वें स्थान पर हैं ।

सिंधु ने आक्रामक शुरूआत की लेकिन एक समय 3 . 4 से पीछे चली गई । उन्होंने हालांकि तुरंत वापसी करते हुए सेनिया को गलती करने पर मजबूर किया और ब्रेक तक 11 . 5 की बढत बना ली । इसके बाद उन्होंने लगातार 13 अंक बनाये । अपने चिर परिचित सीधे और क्रॉसकोर्ट स्मैश का पूरा इस्तेमाल करके उन्होंने सेनिया को दबाव से निकलने का मौका ही नहीं दिया । सेनिया के एक शॉट चूकने के साथ ही सिंधु ने पहला गेम जीत लिया ।

दूसरी ओर घुटने पर पट्टी बांधकर खेल रही सेनिया अपनी लय हासिल करने के लिये जूझती दिखी । दूसरे गेम में सिंधु ने 9 . 3 की बढत बना ली और ब्रेक के समय सात अंक के फायदे पर थी । ब्रेक के बाद इजरायल खिलाड़ियों की गलतियों का सिंधू ने पूरा फायदा उठाया । शनिवार को पुरूष युगल में भारत के सात्विक साइराज रांकिरेड्डी और चिराग शेट्टी ने दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी चीनी ताइपै के यांग ली और चि लिन वांग काो हराया था । वहीं बी साइ प्रणीत पहला मुकाबला हार गए थे ।


Download Android App
Download iOS App



