नई दिल्ली : मंयक अग्रवाल और कप्तान करूण नायर के अर्धशतकों से कर्नाटक ने आज यहां विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में महाराष्ट्र पर नौ विकेट की आसान जीत से फाइनल में प्रवेश किया। महाराष्ट्र की बल्लेबाजी इस अहम मुकाबले में फिसड्डी साबित हुई जिससे बल्लेबाजी के लिये अच्छी पिच के बावजूद टीम 44.3 ओवर में महज 160 रन ही बना सकी। यह लक्ष्य कर्नाटक के शानदार बल्लेबाजी लाइन अप के लिये मुश्किल नहीं था। सलामी बल्लेबाज मयंक ने 86 गेंद में 81 रन और कप्तान करूण ने 90 गेंद में 70 रन बनाकर इसे केवल एक विकेट गंवाकर 30.3 ओवर में हासिल कर लिया।
मयंक इस पूरे सत्र में शानदार फार्म में रहे हैं, उन्होंने खूबसूरत कवर और ऑन ड्राइव से शानदार पारी खेली जिससे वह 633 रन बनाकर राष्ट्रीय एक दिवसीय चैम्पियनशिप के एक सत्र में सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले खिलाड़ी भी बन गये। आज की उनकी पारी में आठ चौके और एक छक्का जड़ा था। अनुपम संकलेचा, प्रदीप दाधे और श्रीकांत मुंधे अपनी गेंदों से इन दोनों सलामी बल्लेबाजों को जरा भी परेशान नहीं कर सके। इन दोनों खिलाड़ियों में मयंक अग्रवाल ने तेज शुरूआत की और करूण नायर ने भी स्पिनरों के आक्रमण पर लगाये जाने के बाद उन्हीं की तेजी से शाट लगाने शुरू किये।
मयंक अग्रवाल ने दिव्यांग हिमगानेकर की गेंद पर कवर ड्राइव से अपना अर्धशतक और टूर्नामेंट में 600 रन पूरे किये। वहीं करूण नायर ने एक एक रन लेकर अपना पचासा पूरा किया। इससे पहले मुंधे ने 77 गेंद में 50 रन की पारी खेली लेकिन दूसरे छोर पर कोई भी बल्लेबाज उनका साथ नहीं निभा सका। तेज गेंदबाज एमपी कृष्णा ने 7.3 ओवर में 26 रन देकर दो विकेट जबकि आफ स्पिनर के गौतम ने 10 ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट चटकाये।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



