बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी का हार्ट अटैक से निधन, पोस्टमार्टम के बाद दुबई से मुंबई लाया जाएगा पार्थिव शरीर

Summary :

NULL

बॉलीवुड में अपने चुलबुले अंदाज से तहलका मचाने वाली दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से 54 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि श्रीदेवी एक शादी समारोह में शामिल होने दुबई गई थीं। वहां श्रीदेवी की हार्ट अटैक से तबीयत अचानक बिगड़ गई और मौत हो गई। परिवार के करीबियों से मिली जानकारी के मुताबिक अंतिम संस्कार के लिए श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जाएगा। श्रीदेवी का पार्थिव शरीर दुबई पुलिस के पास है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पहुंचेगा पार्थिव शरीर।

श्रीदेवी के साथ उनके पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी भी दुबई में मौजूद थे। सिल्वर स्क्रीन पर चांदनी बिखेरनी वाली श्रीदेवी ने हाल ही में मॉम फिल्म में अहम रोल निभाया था। इस बेहद खूबसूरत अदाकारा के जाने से पूरे बॉलीवुड में गम का माहौल है। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा से लेकर सुष्मिता सेन तक तमाम एक्टर, एक्ट्रेस और डायरेक्टर-प्रोड्यूसरों ने श्रीदेवी की मौत की खबर पर दुख जाहिर किया।

मौत की खबर सुनने के बाद ही मुंबई में श्रीदेवी के घर उनके फैंस का तांता लगना शुरू हो गया है। लोग देर रात से ही श्रीदेवी के घर के बाहर पहुंचकर अफसोस जाहिर कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने भी श्रीदेवी के आकस्मिक निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री के दफ्तर की ओर से ट्वीट करके दुख जताया गया। ‘प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी के असमय और अचानक निधन से दुखी हूं। लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के यादगार रोल निभाए। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

इससे पहले श्रीदेवी ने इंग्लिश विंग्लिश मूवी में कमबैक कर पर्दे पर जबरदस्त वापसी की थी। श्रीदेवी के साथ खुदा गवाह, मिस्टर इंडिया और चांदनी जैसी बड़ी सुपरहिट फिल्मों के नाम भी जुड़े हैं।

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।

Desk Team