पिछले दिनों कोरोना वायरस का शिकार हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज संदीप वारियर 10 दिन आइसोलेशन पूरा करके अपने घर लौट गए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों का आईपीएल के बायो बबल में कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। ऐसा कहा जा रहा है कि वरुण जब मेडिकल स्कैन के लिए हॉस्पिटल गए थे, तभी वह इस खतरनाक वायरस से इंफेक्टेड हुए थे। इसके बाद संदीप और प्रसिद्ध कृष्णा भी कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए।

इंडियन प्रीमियर लीग के बीच वरुण, संदीप और प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा दिल्ली कैपिटल्स के सीनियर स्पिनर अमित मिश्रा और टिम सीफर्ट भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया- हां, चक्रवर्ती और संदीप घर लौट गये हैं,उन्होंने 10 दिन का अनिवार्य आइसोलेशन पूरा कर लिया है। हालांकि उनकी फ्रेंचाइजी टीम केकेआर उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखेगी और दोनों का घर पहुंचने के बाद चेन्नई और केरल में फिर से कोविड-19 आरटी-पीसीआर टेस्ट होगा।

वरुण और संदीप में कोरोना वायरस के कुछ ज्यादा लक्षण नहीं देखे गए थे। वहीं केकेआर के टिम सीफर्ट कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अभी भी आइसोलेशन में हैं।

फिलहाल, आईपीएल 2021 को 4 मई को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। 3 मई को केकेआर और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला खेला जाना था, वरुण और संदीप की रिपोर्ट आने के बाद मैच फौरन रद्द कर दिया गया था,जबकि 4 मई को बीसीसीआई ने आईपीएल 2021 को स्थगित करने का फैसला सुनाया। गौरतलब है कि आईपीएल के 14वें संस्करण की शुरुआत 9 अप्रैल से भारत में हुई थी, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 30 मई को खेला जाना था। इस महा टूर्नामेंट में 60 मैच खेले जाने थे।


Download Android App
Download iOS App



