गेंदबाज विनय कुमार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास,कभी IPL से चमकी थी किस्मत

Summary :

कर्नाटक के 37 वर्षीय अनुभवी मध्यम गति के गेंदबाज आर. विनय कुमार ने क्रिकेट के सभी प्रारूप से आज संन्यास ले लिया।

कर्नाटक के 37 वर्षीय अनुभवी मध्यम गति के गेंदबाज आर. विनय कुमार ने क्रिकेट के सभी प्रारूप से आज संन्यास ले लिया।  भारतीय पेसर आर. विनय कुमार ने 25 साल तक सक्रिय क्रिकेट खेला। इतना ही नहीं टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में उन्हें खेलने का मौका मिला।
वहीं अपने करियर में एक टेस्ट, 31 वन-डे और नौ टी-20 इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले इस खिलाड़ी ने कुल 49 विकेट चटकाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर विनय कुमार ने अपने संन्यास का एलान किया। 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ वन-डे में 4-30 उनका सर्वश्रेष्ठ करियर फिगर है।
  
खिलाड़ी ने  ट्विटर पर किया अपने संन्यास का एलान 
आर. विनय कुमार ने अपने राज्य की टीम का नेतृत्व करते हुए लगातार रणजी ट्राफी खिताब भी दिलाये हैं। अपने रिटायरमेंट लेटर में विनय कुमार ने सभी सीनियर खिलाड़ियों को धन्यवाद कहते हुए लिखा कि वह भाग्यशाली रहे कि उन्हें अपने करियर में सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिला। 

उन्होंने बयान में कहा, आज ‘दावणगेरे एक्सप्रेस’ 25 साल दौड़ने और क्रिकेटिया जिंदगी के इतने सारे स्टेशन पास करने के बाद उस स्टेशन पर आ गयी है जिसे संन्यास’ कहते हैं। इतनी सारी भावनाओं के साथ मैं, विनय कुमार आर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और प्रथम श्रेणी क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। यह फैसला करना आसान नहीं था, हालांकि हर खिलाड़ी की जिंदगी में ऐसा समय आता है जब उसे संन्यास लेना पड़ता है।
विनय कुमार के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है और जिसमें उन्होंने एक विकेट अपने नाम दर्ज किया। वहीं वनडे इंटरनेशनल मैचों में विनय कुमार ने भारतीय टीम के लिए 31 वनडे में कुल 38 विकेट लिए थे। भारत के लिए उन्होंने कुल 9 टी20 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 10 विकेट अपने नाम किया। इसके अलावा विनय कुमार कर्नाटक के लिए 100 मैच घरेलू मैच खेले हैं।
आईपीएल में मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर जैसी टीमों का भी हिस्सा रह चुके विनय ने साल 2008 के ओपनिंग सीजन से साल 2018 तक अपने 105 आईपीएल मैच में 105 विकेट अपने नाम किए हैं।
वहीं साल 2013 का सीजन उनके लिए बहुत ही शानदार रहा था। आरसीबी के लिए विनय कुमार ने 16 मैच खेलकर 23 विकेट झटकाए थे। वहीं आरसीबी और केकेआर के अलावा उन्होंने केरला कोच्ची टस्कर्स के लिए भी मैच खेले थे। 

Desk Team