ग्रेटर नोएडा : विनेश फोगाट ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को यहां मुंबई महारथी को पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) में हरियाणा हैमर्स पर 4-3 से जीत दिलायी। हाल में लॉरेस पुरस्कार के लिए नामित हुई 24 वर्षीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट को महिलाओं के 53 किग्रा में हरियाणा हैमर्स की सीमा से कड़ी चुनौती मिली। लेकिन एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ने 12-2 से कुश्ती जीती और एक मुकाबला शेष रहते मुंबई को जीत दिला दी।
इस जीत से मुंबई ने हरियाणा का विजय क्रम भी रोक दिया। इसके बाद पुरूषों के 57 किग्रा का अंतिम मुकाबला महत्वहीन रह गया था। इसमें विश्व अंडर-23 चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता रवि कुमार ने मुंबई के यूरोपीय अंडर-23 चैम्पियन इब्रागिम इल्येसोव को 13-9 से हराया लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हुआ।
इससे पहले शाम को पहले मुकाबले (पुरूष 65 किग्रा) में हरफूल ने बराबरी की टक्कर में हरियाणा हैमर्स के रजनीश को 5-2 से हराकर मुंबई महारथी को शुरुआती बढ़त दिलाई। यूरोपीय चैम्पियनशिप की कांस्य पदकधारी तात्याना अमेल्चेनको ने अगला मुकाबला आसानी से जीतकर हरियाणा को बराबरी दिलायी।
अजरबैजान की पहलवान ने महिलाओं के 62 किग्रा में मुंबई की शिल्पी यादव को 16-0 से करारी शिकस्त दी। अगली कुश्ती (पुरूष 86 किग्रा) में विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता अली शाबानोव ने रोमांचक भिड़ंत के बाद महारथी के दीपक पूनिया को 4-3 से हराकर हैमर्स को 2-1 से आगे कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



