टीम इंडिया के धुरंधरों के लिए वसीम जाफर का खास संदेश, बोले- वो करो जिसके लिए बॉलीवुड की पुलिस फेमस है

Summary :

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अब महज चार दिन और बाकी रह गए हैं।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अब महज चार दिन और बाकी रह गए हैं। इन दोनों टीम के बीच 18 जून को साउथैम्पटन में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले पर हर किसी की निगाहें टिकी हुईं हैं। न्यूजीलैंड की तिकड़ी ट्रेंट बोल्ट, टिम साउदी और नील वैगनर भारतीय बल्लेबाजों की जमकर परीक्षा लेने वाले हैं। ऐसे में टीम इंडिया के बल्लेबाजों को किस अप्रोच के साथ कीवी गेंदबाजों के खिलाफ खेलना चाहिए यह एक बड़ा सवाल है।
इस दौरान भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने टीम इंडिया को WTC फाइनल के लिए एक खास संदेश दिया है। जाफर ने कहा है कि टीम के बल्लेबाजों को वो करना चाहिए जिसके लिए बॉलीवुड की पुलिस मशहूर है। 
सोशल मीडिया पर अक्सर सुर्खियों में छाए रहने वाले वसीम जाफर ने अब यू्ट्यूब पर भी अपना डेब्यू कर लिया है। इस बीच उन्होंने सबसे पहले वीडियो में भारतीय बल्लेबाजों को डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए सीक्रेट मैसेज देते हुए कहा, ‘मैं इंडिया की टीम के साथ दो दफा इंग्लैंड दौरे पर रहा था। भारतीय बल्लेबाजों को मेरा कोडेड मैसेज यह है कि वो करें जिसके लिए बॉलीवुड फिल्मों की पुलिस मशहूर है। वहीं फैंस ने अब उनके इस मैसेज को डिकोड किया। जिसके मुताबिक, जाफर चाहते हैं कि भारतीय के बल्लेबाज इंग्लैंड की परिस्थितियों को देखते हुए गेंद को लेट खेलने की कोशिश करें।

मालूम हो ये कोई पहली बार नहीं जब जाफर ने टीम इंडिया के लिए अपनी तरफ से कोई मैसेज दिया हो। क्योंकि इससे पहले भी जाफर इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी कोडेड मैसेज दिया था। बता दें भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 से 22 जून तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का महामुकाबला खेला जाना है। हाल ही में न्यूजीलैंड की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली है।

Desk Team