बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में टीम की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा का मानना है कि टीम विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को पर्याप्त मौके देगी। बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में पंत के अलावा संजू सैमसन को भी शामिल किया गया है। यह पूछे जाने पर कि अंतिम एकादश में किसे मौका मिल सकता है, रोहित ने कहा कि पंत ज्यादा अनुभवी हैं और उन्हें और मौके देने की जरूरत है।
रोहित ने कहा, दोनों विकेटकीपर जो हमारी टीम में हैं बेहद ही प्रतिभाशाली हैं। हम पंत के साथ बने हुए हैं क्योंकि यही वो प्रारूप है जिसने उनको अलग पहचान दी है। हमें अभी कुछ और समय तक उनके साथ बने रहना चाहिए। कप्तान ने कहा, हमें उन्हें थोड़े और मौके देने की जरूरत है। उन्होंने अभी मुश्किल से 10-15 टी-20 मैच ही खेले हैं। इसलिए मुझे लगता है कि इतनी जल्दी उन्हें परखना थोड़ी जल्दबाजी होगी।
उन्होंने साथ ही कहा, टीम में कई सारे विकल्प मौजूद हैं। हमें युवा खिलाड़ियों को भी मौका देना चाहिए ताकि हमें उनके खेल के बारे में पता चल सके। हालांकि मुझे लगता है कि आईपीएल में और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में थोड़ा फर्क होता है और दोनों में चुनौतियां अलग होती है।संजू के अलावा शिवम दुबे ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। रोहित ने कहा, दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। कोई भी किसी भी समय आकर खेल सकता है।


Download Android App
Download iOS App



