विशाखापत्तनम : भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद आगामी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के संबंध में उनकी टीम सरकार के फैसले का सम्मान करेगी। 16 जून को होने वाले इस मुकाबले का बहिष्कार करने की मांग उठ रही है लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इस पर फैसला नहीं लिया और यह निर्णय सरकार पर छोड़ दिया।
कप्तान कोहली ने कहा, ‘‘हमारा फैसला स्पष्ट है। हम उस पर कायम रहेंगे जो देश करना चाहता है और जो फैसला बीसीसीआई करता है। हमारी राय यही है।’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार और बोर्ड जो भी फैसला करते हैं, हम उसी का पालन करेंगे और उसका सम्मान करेंगे। इस मुद्दे पर हमारा पक्ष यही है।’ कप्तान ने पूरी भारतीय टीम की ओर से शहीद जवानों के परिवारों को संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा, ‘‘जिन जवानों ने अपनी जान गंवायी, उनके परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनायें। भारतीय टीम इस घटना से दुखी है। ’’ मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी टीवी चैनल को दिये साक्षात्कार में कहा कि टीम सरकार के फैसले को स्वीकार करेगी। शास्त्री ने ‘मिरर नाऊ’ से कहा, ‘‘यह पूरी तरह से बीसीसीआई और सरकार पर है।
वे जानते हैं कि क्या हो रहा है और वे इस पर फैसला करेंगे। वो जो भी फैसला करते हैं, हम उसका पालन करेंगे। ’’ उन्होंने कहा, ‘यदि सरकार कहती है कि यह इतना नाजुक है कि विश्व कप में खेलने की जरूरत नहीं है तो मैं सरकार के फैसले का पालन करूंगा।’


Download Android App
Download iOS App



