बीजिंग : निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व कप में शनिवार को यहां 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारत के लिए पांचवा ओलंपिक कोटा हासिल किया। अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ विश्व कप के फाइनल में पहली बार भारत की अगुवाई कर रहे वर्मा 242.7 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे। वह क्वालीफिकेशन में 585 अंक के साथ चौथे स्थान पर थे।
आठ खिलाड़ियों के फाइनल में रूस के आर्तेम चेर्नोउसोव को 240.4 अंक के साथ रजत पदक मिला जबकि कोरिया के सेयुनंगवू हान को 220.0 अंक के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इससे पहले अंजुम मोदगिल और अपूर्वी चंदेला (10 मीटर एयर राइफल महिला), सौरभ चौधरी (10 मीटर एयर पिस्टल पुरूष) और राजस्थान के 17 वर्षीय युवा निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार ने 2020 तोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल कर चुके हैं।
वर्मा ने इससे पहले नयी दिल्ली में हुए विश्व कप में पदार्पण किया था लेकिन वह घरेलू प्रतियोगिता के फाइनल में क्वालीफाई नहीं कर सके थे। उन्होंने एशियाई खेलों में 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। एक साल के अंदर यह उनका चौथा फाइनल और तीसरा पदक था। शनिवार को मुकाबले में वह फाइनल में पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय रहे।
इस स्पर्धा में शहजर रिजवी और अर्जुन सिंह क्रमश: 32वें और 54वें स्थान पर रहे। महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर 14वें स्थान के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय रही। उन्होंने 291 अंक बनाये और विजेता से चार अंक पीछे रही। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता राही सरनोबत 288 अंक के साथ 29वें और चिंकी यादव 284 अंक के साथ 57वें स्थान पर रहीं।


Download Android App
Download iOS App



