भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा जहां पिछले दिनों कोरोना वायरस का शिकार हो गए थे तो अब खबर है कि साहा ने कोरोना वायरस को मात दे दी है, जी हां उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। अब रिद्धिमान साहा अगले महीने भारत के इंग्लैंड दौरे के लिए उपलब्ध होंगे। दिल्ली के एक होटल में क्वारंटाइन के बाद साहा कोलकाता में अपने घर पहुंच गए हैं। उन्हें इंग्लैंड जाने वाली टीम के लिए चुना गया था।

साहा के एक करीबी सूत्र ने बताया कि रिद्धिमान दिल्ली में ढाई हफ्ते के होटल क्वारंटाइन के बाद कल घर वापस आ गए हैं। लेकिन इंग्लैंड दौरे पर जाने से पहले साहा को अपनी टीम के साथ मुंबई में क्वारंटाइन में रहना होगा। इसके अलावा साहा को टीम से जुड़ने से पहले एक और कोरोना आरटी पीसीआर टेस्ट कराना होगा और इसकी रिपोर्ट नेगेटिव आने पर वह टीम से जुड़ जाएंगे।

बता दें, साहा इंग्लैंड जाने वाली 20 सदस्यीय भारतीय टीम के सदस्य हैं। टीम के ऐलान के वक्त ही साफ कर दिया गया था साहा और के एल राहुल फिट होने पर ही टीम के साथ जा सकेंगे। तभी से साहा के इंग्लैंड जाने को लेकर अटकलें लग रही थीं, लेकिन अब कोरोना की जंग जीतने के बाद उनका जाना तय हो गया है। इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले सभी खिलाड़ियों को 19 मई तक मुंबई में एकत्रित होना है।

आईपीएल 2021 के दौरान कई क्रिकेट खिलाड़ी कोविड से संक्रमित हो गए थे, जिसमें 36 वर्ष साहा आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए थे। इसके बाद आईपीएल को स्थगित करना पड़ा था।

मालूम हो इस दौरे पर क्रिकेटरों के साथ में उनके परिवार को भी जाने की इजाजत दी गई है। इस कारण खिलाड़ियों के परिवार के लोगों को भी इस प्रक्रिया से गुजरना होगा। दरअसल इंग्लैंड दौरा थोड़ा ज्यादा लंबा दौरा माना जा रहा है। भारतीय टीम साउथम्पटन में 18 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल खेलेगी। इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला अगस्त में होगी । ये दौरा 10 सितंबर को समाप्त होगा।


Download Android App
Download iOS App



