Tata Motors ने कमर्शियल वाहनों की कीमतें 2% बढ़ाईं, 1 अप्रैल से होगी लागू

Summary :

बढ़ती इनपुट लागत के चलते Tata Motors ने कमर्शियल वाहनों के दाम बढ़ाए

भारत की सबसे बड़ी कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने सोमवार को अपनी पूरी कमर्शियल वाहनों की रेंज की कीमतों में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया। नई कीमतें 1 अप्रैल से लागू होंगी। कंपनी ने कहा कि बढ़ती इनपुट लागत की भरपाई के लिए यह बढ़ोतरी आवश्यक है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा,”भारत की सबसे बड़ी कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने आज अपने सभी कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है और यह 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी होगी।

Hero Motors और जर्मनी की STP का forged पावरट्रेन पार्ट्स के लिए साझेदारी

कंपनी ने आगे कहा कि मूल्य वृद्धि इनपुट लागत में वृद्धि की भरपाई के लिए की गई है और यह वृद्धि अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के अनुसार अलग-अलग होगी। भारतीय ऑटो इंडस्ट्री को कच्चे माल की बढ़ती लागत, अधिक लॉजिस्टिक खर्च और आपूर्ति श्रृंखला व्यवधान जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले, मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने अप्रैल 2025 से वाहनों की कीमतों में 4 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी।

मारुति सुजुकी ने कीमतों में बढ़ोतरी की वजह बढ़ती इनपुट लागत, परिचालन व्यय और मुद्रास्फीति को बताया। कंपनी ने कहा कि लागत को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ते खर्चों का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डाला जाना चाहिए।

टाटा मोटर्स और मारुति सुजुकी दोनों द्वारा कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद अन्य कंपनियों की ओर से भी इस तरह का ऐलान संभव है। टाटा ग्रुप की ऑटो कंपनी टाटा मोटर्स कमर्शियल वाहनों के साथ पैसेंजर वाहनों की भी मैन्युफैक्चरिंग करती है।

वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही में आय में बढ़त के बावजूद टाटा मोटर्स का मुनाफा सालाना आधार पर 22.41 प्रतिशत गिरकर 5,451 करोड़ रुपये हो गया था। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी की परिचालन से आय 2.71 प्रतिशत बढ़कर 1,13,575 करोड़ रुपये थी। टाटा मोटर्स का शेयर सोमवार को 0.84 प्रतिशत बढ़कर 660.90 रुपये पर बंद हुआ।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.