Oracle में फिर बजेगा ‘Layoff’ का अलार्म! 10,000 नौकरियों पर संकट, हजारों भारतीय भी रडार पर!

Summary :

Oracle Layoffs 2026: Oracle में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की आशंका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी लागत कम करने के लिए दुनियाभर में 7 हजार से 10 हजार कर्मचारियों को नौकरी से हटा सकती है। भारत में कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मई में भी करीब 21 हजार कर्मचारियों की छंटनी हुई थी।

Oracle Layoffs 2026: अमेरिकी टेक कंपनी Oracle एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी में लगी हुई है।  इस संभावित फैसले का असर भारत समेत दुनिया के कई देशों में काम कर रहे कर्मचारियों पर पड़ सकता है।  हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक छंटनी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद सामने आ रही रिपोर्ट्स ने Oracle के कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ा दी है।

सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार , Oracle अपनी लागत को कम करने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी ने कथित तौर पर अपनी अलग-अलग टीमों को बजट कम करने के संकेत दिए हैं। इसके बाद कर्मचारियों के बीच संभावित छंटनी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इससे पहले भी Oracle में कई कर्मचारियों की टीम और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया था। अब माना जा रहा है कि कंपनी इस बार लागत घटाने के लिए बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या कम कर सकती है।

7 हजार से 10 हजार कर्मचारियों पर संकट

Oracle कितने कर्मचारियों को नौकरी से हटा सकती है, इसकी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन, कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी दुनियाभर में करीब 7 हजार से 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है इस  छंटनी से भारत में काम करने वाले कितने कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। Oracle भारत में भी बड़े स्तर पर काम करती है और यहां कंपनी के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी जुड़े हुए हैं।

Oracle में इससे पहले भी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की नौकरी गई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, 31 मई को कंपनी ने अपने कुल कर्मचारियों में से करीब 13 % की कटौती की थी। कंपनी में उस समय करीब 1.41 लाख कर्मचारी काम कर रहे थे। इस आधार पर करीब 21 हजार कर्मचारियों की छंटनी की बात सामने आई थी। उस समय Oracle के इस फैसले की काफी चर्चा हुई थी और कई प्रभावित कर्मचारियों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव भी शेयर  किए थे। अब एक बार फिर बजट में कटौती की खबर सामने आने के बाद कर्मचारियों के बीच नई चिंता पैदा हो गई है।

भारत में भी बड़ी संख्या में कर्मचारी

Oracle का भारत में भी मजबूत कारोबार है। कंपनी के यहां कई ऑफिस  और बड़ी संख्या में कर्मचारी हैं। Oracle भारत से टेक्नोलॉजी, क्लाउड और सॉफ्टवेयर से जुड़े कई काम संचालित करती है। लेकिन , संभावित नई छंटनी में भारत के कर्मचारियों पर कितना असर पड़ेगा, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है। कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

क्या काम करती है Oracle?

Oracle Corporation अमेरिका की एक बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी है। यह दुनियाभर में दूसरी कंपनियों और संस्थानों को तकनीकी सेवाएं और सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराती है।

Oracle का कारोबार मुख्य रूप से क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटाबेस और बिजनेस सॉफ्टवेयर से जुड़ा है। बड़ी कंपनियां अपने डेटा को मैनेज करने, क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल करने और कारोबारी कामकाज को बेहतर तरीके से चलाने के लिए Oracle की तकनीक का इस्तेमाल करती हैं।

यह भी पढ़ें: Upcoming Smartphones in September 2026: सितंबर में लॉन्च होंगे ये 5 स्मार्टफोन, iPhone 18 Pro से लेकर Galaxy S26 FE तक, जानें पूरी जानकारी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।