म्यांमार में भूकंप के बाद 112 झटके, मरने वालों की संख्या 3,649 पहुंची

Summary :

मांडले में भूकंप से भारी तबाही, 5,018 लोग घायल, 145 लापता

म्यांमार में आए भूकंप के बाद 112 झटके महसूस किए गए, जिससे मरने वालों की संख्या 3,649 हो गई है। भूकंप ने मंडाले समेत कई शहरों को तबाह कर दिया। भारत समेत कई देशों ने राहत और बचाव दल भेजे हैं। 5,018 लोग घायल हुए और 145 लापता हैं। 6,730 मोबाइल संचार स्टेशन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप के बाद से गुरुवार तक 2.8 से लेकर 7.5 तीव्रता के 112 झटके महसूस किए गए। म्यांमार के मौसम विज्ञान और जल विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।देश के मांडले क्षेत्र में 28 मार्च को 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। जिसके कुछ ही मिनट बाद 6.4 तीव्रता का दूसरा झटका आया, जिससे जानमाल की भारी हानि हुई। भूकंप ने मंडाले जैसे कई शहरों को तबाह कर दिया। यूएन, अमेरिका, भारत, यूरोपीय संघ, कई अन्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने म्यांमार में भूकंप पीड़ितों के लिए सहायता और बचाव दल भेजे।

भारत ने म्यांमार में भूकंप राहत के लिए भेजी 80 सदस्यीय NDRF टीम

म्यांमार के राज्य प्रशासन परिषद की सूचना टीम ने बताया कि बुधवार को स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे तक भूकंप में मरने वालों की संख्या 3,649 तक पहुंच गई। भूकंप के कारण 5,018 लोग घायल हुए और 145 लापता है। सरकारी दैनिक द मिरर ने बुधवार को बताया कि इस भीषण भूकंप से 6,730 मोबाइल संचार स्टेशन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसमें कहा गया कि 6 अप्रैल तक 5,999 स्टेशनों को बहाल कर दिया गया, जबकि 731 स्टेशनों की मरम्मत चल रही है। भूकंप के कारण म्यांमार के 15 डाकघरों ने अस्थायी रूप से कामकाज बंद कर दिया था, लेकिन 31 मार्च को सेवाएं फिर से शुरू कर दी गईं।

इस बीच, म्यांमार की सरकारी संस्था ग्लोबल न्यू लाइट ने गुरुवार को बताया कि 2025 का म्यांमार नववर्ष ‘अता थिंगयान महोत्सव’ संगीत या नृत्य के बिना शांतिपूर्वक मनाया जाएगा।समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने रिपोर्ट के हवाले से बताया कि संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किए जाने के बाद से इस वर्ष थिंगयान का पहला उत्सव मनाया जा रहा है।

यांगून सिटी डेवलपमेंट कमेटी के इंजीनियरिंग विभाग के अनुसार, यांगून सिटी हॉल के सामने बनाए जा रहे जल महोत्सव मंडप और थिंगयान वॉक के निर्माण को निलंबित और रद्द कर दिया गया है। इस वर्ष अता थिंगयान महोत्सव 13 से 16 अप्रैल तक चलेगा। पारंपरिक म्यांमार नववर्ष दिवस 17 अप्रैल को मनाया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.