दक्षिणी गाजा के खान यूनिस शहर के एक प्रमुख अस्पताल में इजरायल की ओर से किए जा रहे लगातार हमलों के कारण कई दिनों तक बिजली गुल होने और ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होने के कारण आठ मरीजों की मौत हो गई। यह जानकारी फ़लिस्तीन की स्वास्थ्य मंत्री माई अल-कैला ने सोमवार को दी। सुश्री अल-कैला ने कहा कि इजरायली हमले के कारण नासिर अस्पताल में उपचार करवा रहे अन्य रोगियों के जीवन पर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बिस्तर पर पड़े मरीजों और चिकित्सा कर्मचारियों की रिहाई के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का आह्वान किया और दावा किया कि इजरायली सैन्य ट्रकों द्वारा उन्हें अस्पताल से अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
- गाजा के अस्पताल में हुई ऑक्सीजन की कमी
- ऑक्सीजन की कमी होने से 8 मरीजों की मौत हुई
- वहां लगातार हमलों के कारण कई दिनों तक बिजली गुल रही
अस्पताल में बड़ी मात्रा में हथियार पाए गए
गाजा में हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने पहले कहा था कि इजरायली बलों ने गुरुवार को दक्षिणी गाजा पट्टी के खान यूनिस शहर में नासिर अस्पताल की दक्षिणी दीवार को ध्वस्त करने के बाद उस पर धावा बोल दिया। उधर, इजरायल रक्षा बल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रविवार को कहा कि उसने इजरायली सुरक्षा एजेंसी बलों के साथ एक संयुक्त अभियान में सैकड़ों आतंकवादियों और अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो अस्पताल में छिपे हुए थे और कुछ चिकित्सा कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे। IDF ने कहा कि अस्पताल में बड़ी मात्रा में हथियार और एक इजरायली सीमा किबुत्ज़ से संबंधित एक वाहन पाया गया। साथ ही इजरायली बंधकों को सौंपी जाने वाली दवाएं भी मिलीं। IDF ने हमास पर अस्पताल में मरीजों को मानव ढाल के रूप में उपयोग करने का आरोप लगाया।
मरीजों का जीवन खतरे में- गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि इजरायली सेना ने नासिर मेडिकल कॉम्प्लेक्स को सैन्य बैरक में तब्दील कर दिया है, जिससे अंदर के मरीजों और चिकित्सा कर्मचारियों का जीवन खतरे में है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 25 चिकित्साकर्मी और 136 मरीज अभी भी अस्पताल में बिजली, पानी, भोजन, ऑक्सीजन या अन्य आवश्यक सामानों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन शेष रोगियों को अन्य अस्पतालों में भेजने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इजरायली सेना अभी भी परिसर में चिकित्सा और मानवीय सहायता के प्रवेश में बाधा उत्पन्न कर रही है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





