नई दिल्ली : अगर आप अपने वाहन पर फास्टैग (FASTag) को ठीक से नहीं लगाते हैं, तो यह आदत अब भारी पड़ सकती है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्पष्ट किया है कि विंडस्क्रीन पर फास्टैग को गलत तरीके से लगाने वाले या ढीले तौर पर रखने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने ऐसे मामलों को ‘लूज फास्टैग’ (Loose FASTag) की श्रेणी में रखा है और इन फास्टैग्स को तुरंत ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश जारी किया है।
लूज फास्टैग से टोल वसूली में बाधा
NHAI के मुताबिक, जब फास्टैग विंडस्क्रीन पर सही स्थान पर और ठीक से चिपकाया नहीं जाता, तो टोल प्लाजा पर उसे स्कैन करने में दिक्कत आती है। इससे टोल वसूली की प्रक्रिया धीमी हो जाती है, गाड़ियों की लंबी कतारें लगती हैं और कई बार गलत चार्ज भी लग जाता है। प्राधिकरण ने कहा कि इस समस्या को रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
नई टोल प्रणाली की तैयारी
प्राधिकरण जल्द ही ‘मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम’ लागू करने की योजना पर काम कर रहा है, जिसमें हर वाहन का फास्टैग स्वत: स्कैन किया जाएगा। ऐसे में जरूरी है कि फास्टैग बिलकुल सही स्थिति में और मजबूती से लगा हो, ताकि स्कैनिंग में कोई परेशानी न आए।
लूज फास्टैग दिखा होगा ब्लैकलिस्ट
NHAI ने टोल एजेंसियों और वाहन मालिकों से कहा है कि अगर किसी वाहन में लूज फास्टैग दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना निर्धारित ईमेल पर दें। सूचना मिलते ही संबंधित फास्टैग को तत्काल ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य टोल प्लाजा पर कार्यप्रणाली को सुचारु बनाना और यात्रियों को समय की बचत दिलाना है।
FASTag यूजर्स के लिए सरकार लाई नया वार्षिक पास
FASTag इस्तेमाल करने वालों के लिए केंद्र सरकार ने एक नई सुविधा की घोषणा की है। सरकार 15 अगस्त 2025 से एक FASTag Annual Pass शुरू करने जा रही है, जिसकी कीमत ₹3,000 तय की गई है।
इस पास की प्रमुख बातें:
– 1 साल या 200 टोल क्रॉसिंग्स, जो भी पहले हो, तक वैध रहेगा
– केवल निजी वाहनों (कार, जीप, वैन) के लिए मान्य होगा
– यह पास केवल NHAI टोल प्लाजा पर मान्य होगा
– राज्य हाईवे, प्राइवेट टोल रोड और स्टेट एक्सप्रेसवे पर नहीं होगा लागू
यह सुविधा उन लोगों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है जो नियमित रूप से हाईवे पर सफर करते हैं। एकमुश्त भुगतान से उन्हें बार-बार टोल चुकाने की झंझट से राहत मिलेगी।
यात्री ध्यान दें: फास्टैग की सही स्थिति जरूरी
NHAI ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे फास्टैग को ठीक ढंग से कार की विंडस्क्रीन के पीछे निर्धारित स्थान पर चिपकाएं। नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है — न सिर्फ जुर्माना, बल्कि फास्टैग की ब्लैकलिस्टिंग से आपका वाहन टोल पर रुक सकता है और आपको अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है।


Download Android App
Download iOS App



