वाराणसी से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाला युवक गिरफ्तार, पूछताछ जारी

Summary :

पाकिस्तानी आतंकी संगठन के लिए काम करता था तुफैल

उत्तर प्रदेश एटीएस ने वाराणसी में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले मोहम्मद तुफैल को गिरफ्तार किया है। वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक के लिए काम कर रहा था और भारत में भड़काऊ संदेश फैला रहा था। तुफैल ने बनारस के संवेदनशील स्थानों की जानकारी पाकिस्तानी नंबरों पर भेजी थी। एटीएस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

उत्तर प्रदेश एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वॉड) ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा स्थित हनुमान फाटक इलाके में की गई। गिरफ्तार युवक का नाम मोहम्मद तुफैल है, जो स्थानीय निवासी है। एटीएस की जांच में सामने आया है कि तुफैल पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक के लिए काम करता था। वह संगठन के नेता मौलाना शाद रिजवी के वीडियो और संदेश भारत में फैला रहा था। साथ ही, वह ग़ज़वा-ए-हिंद, बाबरी मस्जिद का बदला लेने और भारत में शरीयत लागू करने जैसे भड़काऊ और कट्टरपंथी संदेश भी व्हाट्सएप ग्रुप्स में साझा करता था। सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि तुफैल ने बनारस के कई महत्वपूर्ण स्थानों की तस्वीरें और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तानी नंबरों पर भेजी थी। वह 600 से अधिक पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों के संपर्क में था।

दिल्ली में ISI की साजिश नाकाम, दो पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार

फिलहाल यूपी एटीएस तुफैल से गहन पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े नेटवर्क की भी तलाश जारी है। यह गिरफ्तारी देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। बता दें कि, हाल ही में देश के विभिन्न शहरों में कई पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है और पता लगाने में जुटी है कि ये अब तक क्या जानकारियां पाकिस्तान भेज चुके हैं।

इनमें सबसे चर्चित नाम हरियाणा की ज्योति मल्होत्रा का है। ज्योति पर आरोप है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी कर रही थी और अब तक कई खुफिया जानकारी पाकिस्तान को भेज चुकी हैं। पुलिस ने हाल ही में ज्योति को गिरफ्तार किया था और अब रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि वह कई अहम खुलासे कर सकती है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.