Arun Sao announcement Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि असम में स्पष्ट बहुमत के साथ एनडीए की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 126 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ है और लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के 9 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी। पिछले ढाई महीनों से कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लगातार काम किया गया। रुझानों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण रहा और मतदाताओं में भाजपा के पक्ष में उत्साह देखा गया, जिससे एनडीए की जीत तय मानी जा रही है।
बंगाल में बदलाव की लहर, कानून-व्यवस्था पर सवाल
पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में डटा हुआ है। राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है और भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है।
9 हजार करोड़ से सड़क विकास, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की मांग
लोक निर्माण मंत्री के रूप में अरुण साव ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में विभाग को 9 हजार करोड़ रुपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इसके तहत राज्य में सड़कों के उन्नयन, मजबूती और नई सड़कों के निर्माण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहुंचविहीन गांवों तक सड़क, पुल और पुलिया पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि नेशनल ट्राइबल गेम्स के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया के समक्ष राज्य में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से सकारात्मक सहयोग की उम्मीद है। इससे छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
रिपोर्ट: रायपुर, आशीष शर्मा/ पंजाब केसरी
ALSO READ: सीजफायर के बाद सोने के भाव में भारी उछाल, चांदी 2.60 लाख के पार, जानें अपने शहर का ताजा रेट























