Arun Sao on Bengal Violence: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विभिन्न राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर अपनी स्पष्ट और बेबाक राय रखते हुए पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था, प्रशासनिक फेरबदल, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सुशासन तिहार जैसे विषयों पर सरकार के दृष्टिकोण को सामने रखा।
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में गुंडागर्दी और हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साव ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कानून का राज स्थापित करने के लिए भाजपा लगातार संघर्ष कर रही है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। अरुण साव ने कहा कि विपक्ष का ध्यान लोकतांत्रिक मूल्यों की बजाय केवल सत्ता बचाने पर केंद्रित है। उन्होंने इसे “सत्ता लोलुपता” का उदाहरण बताते हुए कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान होना चाहिए।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने पर बोलें अरुण साव
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर उप मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के साहस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया तथा सीमा पार सक्रिय आतंकवादी ताकतों को कड़ा संदेश दिया। साव ने कहा कि पहलगाम हमले का जवाब भारतीय सेना ने पूरी मजबूती से दिया और देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासनिक फेरबदल पर बोलें उप मुख्यमंत्री
छत्तीसगढ़ में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल और नियुक्तियों पर बोलते हुए अरुण साव ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह प्रशासनिक आवश्यकताओं और सुशासन को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनेगी तथा प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि होगी।
‘सुशासन तिहार’ को लेकर क्या बोलें उप मुख्यमंत्री
‘सुशासन तिहार’ को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि मंत्री और अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। साव ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और जनकेंद्रित शासन व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष द्वारा किए जा रहे आंदोलनों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन जनता को गुमराह करने और अनावश्यक भ्रम फैलाने की राजनीति से बचना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में विकास, सुशासन और जनविश्वास के आधार पर सरकार आगे बढ़ रही है।


Download Android App
Download iOS App




