Baghpat News: अपर मुख्य सचिव (Additional Chief Secretary) बीना कुमारी मीणा द्वारा बागपत सहकारी चीनी मिल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चीनी मिल के अलग-अलग विभागों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के समय उप-सभापति कृष्णपाल चेयरमैन, जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल, प्रधान प्रबंधक प्रदीप तेवतियां, जिला गन्ना अधिकारी अमर प्रताप, सीसीओ राजीव बालियान और डायरेक्टर रामनिवास भी मौजूद रहे। अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मिल का संचालन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से होना चाहिए।
Baghpat News: गन्ना पेराई और रिकवरी बढ़ाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने गन्ना पेराई प्रक्रिया और चीनी रिकवरी पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र के दौरान रिकवरी बढ़ाना बेहद जरूरी है। इसके लिए तकनीकी सुधार, मशीनों की समय पर मरम्मत और बेहतर प्रबंधन व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि यदि रिकवरी बढ़ेगी तो चीनी मिल की आमदनी में इजाफा होगा, जिससे किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर किया जा सकेगा।

Baghpat News Today: पुराने लोहे की नीलामी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि मिल परिसर में काफी मात्रा में पुराना और अनुपयोगी लोहा पड़ा हुआ है। अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पुराने लोहे को जल्द से जल्द नीलामी के माध्यम से बेचकर उससे प्राप्त धनराशि का उपयोग मिल के हित में किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बेकार सामग्री पड़े रहने से नुकसान होता है, इसलिए ऐसे संसाधनों का सही उपयोग जरूरी है।
फ्लाई ऐश के निस्तारण की योजना
मिल परिसर में बड़ी मात्रा में पड़ी फ्लाई ऐश को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों में फ्लाई ऐश का उपयोग किया जाए। इससे एक ओर जहां सड़कों की गुणवत्ता बेहतर होगी, वहीं दूसरी ओर फ्लाई ऐश का उचित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। अधिकारियों को इस संबंध में जल्द कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

किसानों के गन्ना भुगतान पर निर्णय
उप-सभापति कृष्णपाल चेयरमैन ने सरकार के 14 दिनों में गन्ना भुगतान से संबंधित आदेश का पालन सुनिश्चित कराने का प्रस्ताव रखा। इस पर अपर मुख्य सचिव ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए 15 करोड़ रुपये की राशि तुरंत किसानों के खातों में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर भुगतान मिलना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अन्य संस्थाओं से किराया वसूली के आदेश
अपर मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि चीनी मिल परिसर में संचालित अन्य संस्थाओं से सरकारी दरों के अनुसार किराया वसूला जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि मिल की आय में बढ़ोतरी हो सके।
रिपोर्ट: मेहंदी हसन






















