Ballia Double Murder Case: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में एक दामाद ने अपने ससुराल में घुसकर चाकू से पत्नी और सास की हत्या कर दी। इसमें बीच-बचाव करने आए ससुर भी गंभीर रूप से घायल है। घायल ससुर का वाराणसी में इलाज जारी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा आरोपी ने चार साल पहले लव मैरिज की थी।
चार साल पहले हुई थी लव मैरिज
आरोपी की पहचान गड़वार थाना क्षेत्र के सिहांचवर गांव निवासी अमित गुप्ता के रूप में हुई है। अमित ने साल 2022 में बछईपुर की प्रीति के साथ लव मैरिज की थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन धीरे-धीरे रिश्ते में दरार बढ़ती गई। शादी के लगभग चार साल बाद अमित अपने ससुराल आया था।
परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले अमित पत्नी को साथ ले गया, लेकिन घर ले जाने के बजाय कहीं और ले जाकर प्रताड़ित करने लगा। बेटी की सुरक्षा के लिए उसके पिता अंतु गुप्ता उसे वापस मायके ले आए। पिछले 10 दिनों से प्रीति मायके में ही रह रही थी।
पत्नी और सास-ससुर पर चाकू से हमला
प्रीति की बहन कीर्ति ने बताया कि अमित ने घर के बाहर चप्पल उतारी और सीधे प्रीति के कमरे में घुस गया। वह बच्चा छीनने की कोशिश कर रहा था। जब प्रीति चिल्लाई, तो उसने चाकू से हमला करना शुरू कर दिया।
बेटी की चीख सुनकर मां सुशीला देवी उसे बचाने पहुंची, तो अमित ने उनके ऊपर भी चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर पिता अंतु गुप्ता कमरे में आए, तो आरोपी ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया। इस हमले में प्रीति और सुशीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सासुर अंतु गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बहन कीर्ति ने भागकर अपनी जान बचाई।
इलाके में दहशत
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि दो महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल व्यक्ति इलाज वाराणसी में चल रहा है।
एसपी बलिया ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी अमित गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















