भाजपा कभी खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं करती : चंद्रशेखर बावनकुले

Summary :

महाराष्ट्र को विकसित बनाने के लिए भाजपा कर रही है लगातार काम: बावनकुले

महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने महायुती की मजबूती, भाजपा की कार्यशैली, राज्य की योजनाओं सहित कई अन्य मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा कभी भी खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं करती। पार्टी का उद्देश्य महाराष्ट्र को विकसित बनाना है और इसके लिए वे लगातार काम कर रहे हैं।

मंत्री बावनकुले ने कहा कि कई लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। लेकिन, भाजपा किसी को जबरदस्ती पार्टी में नहीं लाती। जो लोग पार्टी में आना चाहते हैं, उनका स्वागत किया जाता है। महायुती के तीनों दलों को अपने-अपने दल को मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि पार्टी एक करोड़ 50 लाख प्राथमिक सदस्य बना रही है और तीन लाख सक्रिय सदस्य बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य की कोई भी योजना बंद नहीं की जाएगी, चाहे वह शिव भोजन हो या ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन’ योजना। पात्र लाभार्थियों को लाभ जरूर मिलेगा। हालांकि, अपात्र लाभार्थियों को योजना से हटा दिया जाएगा।

स्थानीय निकाय चुनावों पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में ओबीसी से संबंधित मुद्दों का जवाब दे दिया गया है और कोर्ट के फैसले के बाद राज्य चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा। जनता चाहती है कि चुनाव जल्द हों, क्योंकि स्थानीय निकायों के सदस्य नहीं होने से विकास कार्यों में रुकावट आ रही है।

उन्होंने अजित पवार और धनंजय मुंडे के बीच इस्तीफे को लेकर जारी खींचतान को एनसीपी का आंतरिक मामला बताया और कहा कि वे इसे खुद सुलझा लेंगे।

संजय राउत द्वारा मराठा आंदोलन और संतोष देशमुख की हत्या को लेकर उठाए गए सवालों पर भी बावनकुले बोले। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और आरोपियों को फांसी मिलनी चाहिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.