भोपाल में लव जिहाद पर BJP की सख्ती, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा

Summary :

भोपाल में लव जिहाद के खिलाफ भाजपा का कड़ा रुख

भोपाल में ‘लव जिहाद’ के मामले पर भाजपा ने सख्ती दिखाई है। दोषियों को पकड़कर सरकार ने एसआईटी का गठन किया है। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि इस सुनियोजित चाल के दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी कि भविष्य में ऐसा करने से वे डरेंगे। सरकार ने इस मुद्दे पर कानून बनाकर कार्रवाई की है।

भोपाल में ‘लव जिहाद’ के मामले को भाजपा नेताओं ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके दोषियों को तुरंत पकड़ लिया गया है। ऐसे लोगों पर सरकार ऐसी कार्रवाई करेगी कि आगे ऐसा काम करने में वे कंपकंपाएंगे। मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि इस घटना को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि यह बहुत ही सुनियोजित चाल है। इसकी कई अलग-अलग कड़ियां हैं। इसलिए इस मामले में एसआईटी का गठन किया गया है। कोई भी व्यक्ति कितना भी बड़ा होगा, यदि इस गैंग में शामिल होगा तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल लोगों को ऐसी सजा मिलेगी कि लोग सोचकर भी कंपकपाएंगे। लव जिहाद किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भोली-भाली बहन-बेटियों को बहला-फुसला कर यदि धर्म परिवर्तन का काम किया जाएगा तो हमारी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। इसलिए ऐसे केसों के लिए हमने कानून भी बनाया है। उन केसों को उस कानून की परिधि में हम लेकर भी आए हैं।

मध्य प्रदेश में फर्जी चालान घोटाले पर ED की बड़ी कार्रवाई, 71 करोड़ का घोटाला

उन्होंने आगे कहा कि इसके साथ-साथ हम यह चाहते हैं कि स्कूल और कॉलेजों में ऐसे केसों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ऐसा सिस्टम हम शुरू करें कि यदि कोई बेटी गलती से किसी गैंग के चंगुल में फंस गई है तो वह स्वयं आकर इसकी सूचना दे सके। ऐसे मामले में हमने कई बार देखा है कि बेटियां डर कर सामने नहीं आती हैं। बाद में जाकर वे केस सामने आए हैं। जिन लोगों ने यह काम किया है, हम ऐसी सजा देंगे क‍ि वे कंपकंपाएंगे। वे लोग ऐसा सोचते हुए भी डरेंगे। हम ऐसी कार्रवाई करेंगे।

भाजपा नेता वीडी शर्मा ने इस मामले को शर्मनाक बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपनी पहचान छुपाकर हमारी बहन-बेटियों के साथ ऐसा काम किया है, उनको ढूंढ-ढूंढकर ऐसी सजा मिलेगी कि वे भूल जाएंगी कि लव जिहाद क्या होता है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में जनता जागरूक है। समाज इसके खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने इसके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। ऐसे लोगों को ऐसी सजा मिलेगी कि वे याद रखेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.