बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं सूची जारी की, जिसमें पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह को जौनपुर से मैदान में उतारा गया है। मार्च में जौनपुर की एक MP/MLA अदालत ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह को 2020 के अपहरण और जबरन वसूली के एक मामले में सात साल की सजा सुनाई थी। बसपा ने मैनपुरी से अपना उम्मीदवार भी बदल दिया है और समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव और भारतीय जनता पार्टी के जयवीर सिंह के खिलाफ शिव प्रसाद यादव को मैदान में उतारा है। जयवीर सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं।
- BSP ने चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं सूची जारी की
- इसमें पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी को जौनपुर से मैदान में उतारा गया है
- बसपा ने मैनपुरी से अपना उम्मीदवार भी बदल दिया है
वाराणसी से मिला इस उम्मीदवार को टिकट
बसपा ने पहले गुलशन देव शाक्य को मैनपुरी से टिकट दिया था। वाराणसी लोकसभा सीट पर बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीसरी बार वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। बसपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक, मुस्लिम खान बदायूं से, छोटेलाल गंगवार बरेली से, उदयराज वर्मा सुल्तानपुर से, क्रांति पांडे फर्रुखाबाद से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। मयंक द्विवेदी बांदा से, ख्वाजा समसुद्दीन डुमरियागंज से, ललन सिंह यादव बलिया से और उमेश कुमार सिंह गाजीपुर से बसपा के उम्मीदवार होंगे।
2019 में BSP, SP और RLD ने किया था गठबंधन
2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा ने समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की चुनौती को दरकिनार करते हुए भाजपा ने 62 सीटें और उसकी सहयोगी अपना दल ने दो सीटें जीती थीं। हालांकि, इस गठबंधन में बसपा को सबसे ज्यादा फायदा हुआ क्योंकि उसके 10 उम्मीदवार विजयी रहे थे। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने पांच सीटें जीती थीं, जबकि रालोद चुनाव में अपना खाता नहीं खोल सकी थी। कांग्रेस ने एकमात्र रायबरेली सीट जीती थी, जहां से सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ा था।


Download Android App
Download iOS App





