Chhattisgarh Film Industry: छत्तीसगढ़ में पर्यटन और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। केंद्र सरकार से स्वीकृति प्राप्त बहुप्रतीक्षित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। यह परियोजना राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म मानचित्र पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
CM Vishnudev Sai: 24 जनवरी को होगा भूमिपूजन, नवा रायपुर में बनेगी फिल्म सिटी
यह फिल्म सिटी नवा रायपुर अटल नगर के माना-तूता क्षेत्र में राज्योत्सव स्थल के समीप लगभग 100 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आगामी 24 जनवरी को परियोजना का विधिवत भूमिपूजन करेंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा। टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।
Chhattisgarh Government Project: PPP मॉडल पर होगा निर्माण, 500 करोड़ तक निवेश की संभावना
‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत किया जाएगा। मुंबई की इंद्रदीप इन्फ्रा इंडिया लिमिटेड को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निजी कंपनी द्वारा करीब 250 करोड़ रुपये, केंद्र सरकार द्वारा 150 करोड़ रुपये, जबकि राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी। कुल निवेश 400 से 500 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
Chhattisgarh Film Industry: आधुनिक शूटिंग सुविधाओं से होगी लैस फिल्म सिटी
फिल्म सिटी में फिल्म, वेब सीरीज और टीवी प्रोजेक्ट्स की शूटिंग के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां स्थायी और अस्थायी सेट, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, जेल, फूड कोर्ट और रेस्टोरेंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा तालाब, उद्यान, नदी और पहाड़ जैसे प्राकृतिक लोकेशन भी विकसित किए जाएंगे। कलाकारों और फिल्म यूनिट के ठहरने के लिए आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
Chhattisgarh Tourism Development: जनजातीय सम्मेलन केंद्र भी बनेगा, रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
फिल्म सिटी के साथ-साथ रायपुर में 51.87 करोड़ रुपये की लागत से जनजातीय एवं सांस्कृतिक सम्मेलन केंद्र का निर्माण भी किया जाएगा। यहां लोक कला, संगीत और नृत्य के कार्यक्रम आयोजित होंगे। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी राज्य में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी और छत्तीसगढ़ को फिल्म शूटिंग का पसंदीदा डेस्टिनेशन बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
रिपोर्ट: रायपुर,आनंद खरे/पंजाब केसरी
यह भी पढ़ें-छत्तीसगढ़ के स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट, 7 मजदूरों की मौत; सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल


Download Android App
Download iOS App




