Chhattisgarh News: भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से भेंट कर रायपुर और बिलासपुर एयरपोर्ट से संबंधित मांगों को लेकर एक मांग-पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने, यहां से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने और यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या के अनुरूप आधारभूत संरचना के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।
Chhattisgarh Latest News: बृजमोहन अग्रवाल ने की रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा दिलाने की पहल
अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर तेजी से व्यावसायिक, औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की विमानन सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की मांग है। उन्होंने एयरपोर्ट टर्मिनल के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार, पार्किंग, कनेक्टिविटी और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास की मांग भी रखी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सांसद अग्रवाल की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि मंत्रालय इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर गंभीरता से विचार करेगा।
इसके साथ ही अग्रवाल ने बिलासपुर एयरपोर्ट को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट से जल्द से जल्द पूर्ण संचालन शुरू किया जाना चाहिए, ताकि संभाग के लोगों को बेहतर हवाई संपर्क मिल सके। उन्होंने बिलासपुर एयरपोर्ट को वर्तमान 3-सी श्रेणी से उन्नत कर 4-सी श्रेणी में विकसित करने की मांग की।
Brijmohan Agrawal: 300 करोड़ रुपये के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की (Chhattisgarh News)
अग्रवाल ने इसके लिए केंद्र सरकार से लगभग 300 करोड़ रुपये के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की, ताकि रनवे विस्तार, नेविगेशन सिस्टम, टर्मिनल सुविधाओं और अन्य आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। सांसद अग्रवाल ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से रायपुर और बिलासपुर दोनों एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रिपोर्ट- आशीष शर्मा
ये भी पढ़ें: DRG जवानों को बड़ी कामयाबी, सुकमा मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर, तीनो पर था 500000 रुपये का इनाम घोषित






















