Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल बस्तर जिले की महिलाएं अब खेती-किसानी के क्षेत्र में अपनी मेहनत, नवाचार और आत्मविश्वास के दम पर राष्ट्रीय पहचान बना रही हैं। इसी क्रम में बस्तर जिले के बकावंड जनपद की दो प्रगतिशील महिला किसानों ने देश की राजधानी नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। नई दिल्ली के पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित भव्य समारोह में छिंदगांव की सुमनी कश्यप और करीतगांव की नेत्री बाई कश्यप को प्रतिष्ठित ‘मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया–2025’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
Chhattisgarh News: कृषि जागरण द्वारा आयोजित
यह सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। दोनों महिला किसान बिहान योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और आधुनिक तकनीकों, नवाचार और संसाधनों के बेहतर उपयोग के जरिए खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित कर रही हैं। कृषि जागरण द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री अजय मिश्रा टेनी और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट ने उन्हें सम्मानित किया।
Chhattisgarh Latest News: किसानों को बताया अन्नदाता
समारोह में किसानों को अन्नदाता बताते हुए देश की अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका की सराहना की गई। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि कठिन परिस्थितियों और पलायन की चुनौतियों के बीच इन महिलाओं ने गांव में रहकर ही आगे बढ़ने का संकल्प लिया। आधुनिक कृषि तकनीक, बेहतर विपणन और उद्यमिता के जरिए उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि आत्मनिर्भरता की मिसाल भी पेश की है।
कार्यक्रम के दौरान दोनों महिला किसानों ने कृषि स्टार्टअप, आधुनिक खेती, मार्केटिंग और वैश्विक कृषि बदलावों से जुड़े सत्रों में भी भाग लिया। बस्तर जैसे सुदूर क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
रिपोर्ट- आनंद खरे
ALSO READ: छत्तीसगढ़ में पत्थर बनती जा रही 14 साल की लड़की, कौन-सी है यह दुर्लभ बीमारी?

























