मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के बयान को लेकर निशाना साधा है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया ने कहा कि मंत्री ने सरकारी कार्यक्रम के दौरान गलत बयानबाजी की। उन्होंने (मंत्री) सरकारी मंच से लोगों को भिखारी कहकर पुकारा, जो उनके सामने अपनी समस्याएं लेकर आए थे। कांग्रेस नेता ने कहा कि मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी अपने बयान को लेकर झूठ बोला।
जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए Madhya Pradesh में देवलोक विकसित होंगे: CM मोहन यादव
कांग्रेस नेता ने कहा कि सुठालिया में नगर परिषद द्वारा आयोजित वीरांगना रानी अवंती बाई की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम शासकीय था, जबकि प्रहलाद पटेल के जबलपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि उन्होंने भीख मांगने वाली बात उनके समाज के लोगों के बीच में कही और कार्यक्रम को निजी बताया, जो पूरी तरह से झूठ है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि कार्यक्रम के कार्ड में विनीत में नगर पालिका सीएमओ का नाम लिखा हुआ था। पूर्व नगर अधिकारी मंच संचालन कर रहे थे और वर्तमान अधिकारियों ने आभार व्यक्त किया था। इस शासकीय कार्यक्रम में प्रहलाद पटेल ने जनता को भिखारी कहा, जो उनके पास अपनी समस्या लेकर आए थे। उन्होंने (मंत्री) कहा कि लोगों को भीख मांगने की आदत हो गई है। यह भाजपा का अहंकार है। वह 20-25 सालों से जीत रही है। केंद्र और प्रदेश में बैठे हैं, उसी का अहंकार है। जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया गया, उससे सभी आहत हैं।
चंदर सिंह सोंधिया ने कहा कि कार्यक्रम के समापन के बाद कुछ लोग मंत्री जी को आवेदन देने आए थे, वहां भी मंत्री जी के द्वारा अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया। पीएम मोदी, गृह मंत्री शाह या सीएम मोहन यादव ने उन्हें मर्यादित भाषा का प्रयोग करना सिखाया होगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि मंत्री कसम खा कर बोलें कि उन्होंने ऐसा नहीं बोला, फिर मैं भी कसम खा कर बोलूंगा कि उन्होंने ऐसा बोला है।


Download Android App
Download iOS App



