‘संत की हत्या नहीं, धर्म पर वार…’, मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद भड़के गौ रक्षक दक्ष चौधरी

Daksh Chaudhary on Farsa Wale Baba Murder Case

Daksh Chaudhary on Farsa Wale Baba Murder Case: उत्तर प्रदेश के मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध एक संत की मौत के बाद इलाके में भारी तनाव देखा गया। वहीं इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों और गौरक्षकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हिंदू कार्यकर्ता और गौ रक्षक दक्ष चौधरी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है।

इसके साथ ही  उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा दुख यह है कि यह घटना स्वयं एक संत के नेतृत्व वाली सरकार के शासनकाल में घटी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।

Daksh Chaudhary on Farsa Wale Baba Murder Case: क्या है मामला?

बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 4 बजे की है। फरसा वाले बाबा को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गोतस्करी कर रहे हैं। इसके बाद वह अपनी बाइक से संदिग्ध ट्रक का पीछा करने लगे। इसी दौरान ट्रक सवार आरोपियों ने तेजी से वाहन भगाया और बाबा को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा भड़क उठा।

हाईवे पर लंबा जाम

बाबा की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गौरक्षक एकत्रित हो गए। उन्होंने छाता नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। देखते ही देखते हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प

जब पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की, तो हालात बिगड़ गए। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान दोनों पक्षों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। साथ ही, आसपास के इलाकों में नाकाबंदी भी कर दी गई है ताकि कोई आरोपी भाग न सके।

गौरक्षकों और स्थानीय लोगों की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई में देरी हुई तो वे आगे भी प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में रखने और शांति बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।

यह भी पढ़ें: ईद पर मथुरा में बवाल, फरसा वाले बाबा की हत्या, गौरक्षकों ने जाम किया दिल्ली-आगरा हाईवे, जमकर हुआ लाठीचार्ज-पथराव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।